Aadhar Card New Update: आधार कार्ड में बड़ा बदलाव! अब नहीं दिखेगा पता और जन्मतिथि, सिर्फ फोटो और QR से होगी पहचान…

नई दिल्ली: देश के हर नागरिक की पहचान बन चुके आधार कार्ड से जुड़ा अब तक का सबसे बड़ा बदलाव सामने आया है। UIDAI ऐसी तैयारी कर रहा है जिससे आपके आधार कार्ड से पता (Address) और जन्म की तारीख (Date of Birth) जैसी संवेदनशील जानकारियाँ पूरी तरह हट जाएंगी। इस बड़े कदम का मकसद डेटा सुरक्षा और निजता को मजबूत करना है। आम लोगों में भी इस बदलाव को लेकर चर्चा तेज है, क्योंकि आधार अब हर घर की जरूरत बन चुका है।

आधार कार्ड में बड़ा बदलाव: पता और जन्मतिथि अब नहीं दिखेगी

सरकार और UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) आधार कार्ड का स्वरूप पूरी तरह बदलने की तैयारी में है। आने वाले दिनों में आधार के फिजिकल कार्ड पर न तो आपका एड्रेस दिखेगा और न ही आपकी जन्म की तारीख छपी होगी। ये दोनों महत्वपूर्ण जानकारियाँ अब कार्ड से पूरी तरह गायब हो जाएंगी।

पहचान के लिए सिर्फ फोटो और QR कोड ही काफी

नए बदलाव के बाद आधार कार्ड सिर्फ फोटो और QR कोड पर आधारित होगा। इसका मतलब है कि भविष्य में पहचान के लिए सिर्फ कार्ड पर मौजूद आपकी तस्वीर और QR कोड को स्कैन करना ही काफी होगा। बाकी की सभी गोपनीय जानकारी डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगी और ऑथेंटिकेशन के बाद ही वह जानकारी सामने आएगी।

निजता और डेटा सुरक्षा के लिए लिया गया फैसला

UIDAI के CEO भुवनेश कुमार ने बताया कि यह बड़ा फैसला प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग आधार की फोटोकॉपी होटल, सिम प्रदाताओं या किसी इवेंट आयोजक को दे देते हैं, जिससे व्यक्ति की संवेदनशील जानकारी गलत हाथों में जाने का जोखिम बना रहता है। इस जोखिम को खत्म करने के लिए ही यह बदलाव किया जा रहा है।

दुरुपयोग रोकने के लिए CEO का बड़ा बयान

UIDAI के CEO भुवनेश कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक आधार कार्ड पर आपकी व्यक्तिगत डिटेल्स छपती रहेंगी, तब तक इसका दुरुपयोग होता रहेगा। इसी दुरुपयोग को खत्म करने के लिए UIDAI ने यह निर्णय लिया है कि ये सभी विवरण कार्ड पर छपने की बजाय QR कोड में सुरक्षित रहेंगे। उनके अनुसार, भविष्य में आधार पर सिर्फ फोटो और QR कोड ही होना चाहिए।

होटल और इवेंट चेक-इन के नियम भी बदलेंगे

UIDAI दिसंबर में एक नया नियम लाने की तैयारी में है, जिसके बाद आधार को फिजिकल डॉक्यूमेंट की तरह इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। अब पहचान सिर्फ ऑनलाइन ऑथेंटिकेशन या QR स्कैनिंग के माध्यम से ही होगी। इस नियम से फोटोकॉपी कल्चर खत्म होगा और किसी भी व्यक्ति के लिए नकली आईडी बनाना मुश्किल हो जाएगा, जिससे फर्जीवाड़े पर लगाम लगेगी।

जल्द आ रहा है नया ‘सुपर ऐप’

UIDAI जल्द ही अपने मौजूदा ऐप mAadhaar को बदलकर एक नया हाई-टेक ‘सुपर ऐप’ लाने जा रहा है। यह ऐप DPDP कानून (डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन कानून) के तहत बनाया गया है और इसे अगले 18 महीनों में पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा। इस ऐप की कई विशेषताएँ होंगी, जिनमें घर बैठे एड्रेस अपडेट करने की सुविधा, गैर-मोबाइल सदस्यों को जोड़ना और फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट करना शामिल है।

अब चेहरा ही बनेगा आपकी नई डिजिटल पहचान

इस नई व्यवस्था में फेस वेरीफिकेशन (चेहरे का सत्यापन) सबसे महत्वपूर्ण होगा। प्रक्रिया यह होगी कि आधार होल्डर, QR कोड को वेरीफायर के स्कैनर पर दिखाएगा। इसके बाद सिस्टम तुरंत चेहरा स्कैन करने के लिए कहेगा। जैसे ही चेहरा स्कैन होगा, आपकी पहचान और उम्र दोनों की पुष्टि हो जाएगी। इस तकनीक के आने से फर्जी आईडी और नाबालिगों द्वारा गलत उम्र बताने की समस्या खत्म हो जाएगी। UIDAI जल्द ही इस तकनीक का इंटीग्रेशन करने जा रहा है।

Also Read: आवारा कुत्तों पर ‘सुप्रीम कोर्ट का फैसला’: छत्तीसगढ़ समेत सभी राज्यों में नसबंदी कर सभी को शेल्टर होम में रखने का निर्देश

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button