
बिलासपुर: शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट के मंथन सभा कक्ष में आयोजित संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान बड़ी घटना हो गई। अटैचमेंट से जुड़े एक मुद्दे पर पूछताछ के दौरान मंत्री ने कोटा के बीईओ (ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर) एन.के. मिश्रा को कड़ी फटकार लगाई। मिली जानकारी के अनुसार, मंत्री की कड़ी फटकार मिलने के बाद बीईओ का अचानक बीपी बढ़ गया और वे अपनी कुर्सी से बेहोश होकर नीचे गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अधिकारियों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को स्थिर बताया है।
घटना के बाद कुछ देर रुकी बैठक, फिर शुरू हुई समीक्षा
बीईओ के अचानक बेहोश होने की इस घटना के बाद समीक्षा बैठक को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। जल्द ही स्थिति सामान्य होने पर संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक फिर से शुरू की गई। मंत्री यादव अटैचमेंट के मामलों में अनियमितता को लेकर लगातार अधिकारियों से सवाल कर रहे थे। इस मामले से विभाग के अधिकारियों के बीच तनाव का माहौल पैदा हो गया है और इसने सरकारी बैठकों में बढ़ते दबाव को भी उजागर किया है।



