महादेव के बाद अब ‘किंगडम बुक’ से सट्टे का मायाजाल, पुलिस ने सट्टा किंग को दबोचा

छत्तीसगढ़ में महादेव ऐप पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई के बाद अब सट्टेबाजों ने ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नाम से नया रास्ता निकाल लिया है। कबीरधाम पुलिस ने इस अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले के सट्टा किंग कहे जाने वाले राजा सरदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस को लंबे समय से जिले में इस नए ऐप के जरिए युवाओं को सट्टे की लत लगाने की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में पता चला है कि यह गिरोह महादेव ऐप की तर्ज पर ही अपना नेटवर्क फैला रहा था।

80 आईडी के जरिए करोड़ों के लेन-देन का खुलासा

कवर्धा एसपी धर्मेंद्र सिंह छवई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजा सरदार पहले भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क ने अब तक करीब 80 आईडी बांट दी थीं जिनके जरिए करोड़ों रुपये का दांव लगाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से कई मोबाइल और डिजिटल दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच टीम अब इन आईडी के जरिए सट्टा खेलने वाले और लेन-देन करने वाले अन्य लोगों की कुंडली खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि फॉरेंसिक जांच के बाद कई रसूखदारों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

रायपुर का मास्टरमाइंड दे रहा था सुपर आईडी

पुलिस पूछताछ में इस गिरोह के तार राजधानी रायपुर से जुड़े मिले हैं। बताया जा रहा है कि रायपुर निवासी अनीश खान इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है जो राजा सरदार को सुपर आईडी उपलब्ध कराता था। फिलहाल अनीश खान और उसका एक अन्य साथी स्वयम खुराना पुलिस की पकड़ से बाहर हैं जिनकी तलाश में साइबर सेल की टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ऑनलाइन सट्टा गेमिंग एक्ट की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और सोमवार को मुख्य आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।आल्सो

Also Read: हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: केवल जाति का नाम लेना SC/ST एक्ट के तहत जुर्म नहीं, अपमान करने की मंशा होना जरूरी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button