
Agniveer and TA Recruitment 2025: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में युवाओं के लिए रोजगार और राष्ट्र सेवा के नए अवसर पैदा करने के लिए जिला प्रशासन एक विशेष पहल कर रहा है। राज्य सरकार और प्रशासनिक तंत्र के समन्वय से जिले के युवाओं को आगामी प्रादेशिक सेना और अग्निवीर भर्ती रैलियों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कराने हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वास्थ्य जागरूकता की भावना बढ़ाना है।
इन तारीखों पर होंगी सेना भर्ती रैलियाँ
धमतरी जिले के युवाओं के पास सेना में शामिल होने के दो बड़े अवसर सामने हैं। 15 नवंबर से नया रायपुर में प्रादेशिक सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा, जबकि 7 जनवरी से धमतरी में ही अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इन दोनों भर्ती आयोजनों में जिले के नवयुवकों को न सिर्फ रोजगार मिलेगा, बल्कि उन्हें सेना के माध्यम से देश की सेवा करने का भी एक सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।
भर्ती की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर
जिला प्रशासन धमतरी इन सेना भर्ती रैलियों के लिए युवाओं को तैयार करने हेतु विशेष शिविर आयोजित कर रहा है। इंडोर स्टेडियम धमतरी में सुबह के समय एक शारीरिक प्रशिक्षण शिविर चलाया जा रहा है। इसमें प्रशिक्षित कोचों एवं खेल अधिकारियों की देखरेख में युवाओं को दौड़, लंबी कूद, पुशअप्स जैसे सेना भर्ती से संबंधित शारीरिक दक्षता अभ्यास कराया जा रहा है ताकि वे शारीरिक मानकों पर खरे उतर सकें।
पूर्व हवलदार दे रहे हैं कमांडो प्रशिक्षण
इस प्रशिक्षण शिविर में युवाओं को मजबूती से तैयार करने का जिम्मा पूर्व हवलदार जीवनराम निषाद ने संभाला है। वे ट्रेनर के रूप में युवाओं को निशुल्क कमांडो प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। इस पहल से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवक-युवतियों को अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सीधे मदद मिलेगी। यह प्रशिक्षण उन्हें उनकी शारीरिक और मानसिक मजबूती को बढ़ाने में सहायक होगा।
कलेक्टर ने युवाओं से की भागीदारी की अपील
धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे इस प्रशिक्षण शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी तैयारी को मजबूत करें। उन्होंने कहा है कि यह प्रशिक्षण युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अंततः सेना भर्ती रैलियों में सफलता प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।



