
Ahmedabad Plane Crash: गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी, टेक ऑफ के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा दोपहर 1:40 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से लगभग 15 किलोमीटर दूर मेघानीनगर के पास हुआ। फ्लाइट ने 1:38 बजे टेक ऑफ किया था।
विमान में 242 लोग थे सवार
इस बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर (दो पायलट समेत) शामिल थे। यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक थे। रिपोर्ट्स के अनुसार विमान ने दिल्ली से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरी थी और वहां कुछ देर के ठहराव के बाद लंदन रवाना हुआ था।
क्रैश के बाद उठता रहा काला धुआं
दुर्घटना के बाद घटनास्थल से भारी मात्रा में काला धुआं उठता देखा गया। फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिनमें धुएं के गुबार साफ देखे जा सकते हैं। राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए एनडीआरएफ और बीएसएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच चुकी हैं।
अहमदाबाद पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह और नागर विमानन मंत्री
हादसे की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और एयर एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम को जांच के लिए भेज दिया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी थे विमान में सवार
सूत्रों के अनुसार गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय रूपाणी भी इस विमान में यात्रा कर रहे थे। उनके बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि वे सुरक्षित हैं या नहीं। इस घटना के बाद गुजरात सरकार भी सक्रिय हो गई है और प्रशासन को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।
एअर इंडिया ने जारी किया बयान
एअर इंडिया ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वह स्थिति की पूरी जांच कर रही है। प्रवक्ता ने कहा कि दुर्घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और यात्रियों के परिजनों को जानकारी देने के लिए एक इमरजेंसी हेल्पलाइन और सपोर्ट टीम भी गठित कर दी गई है।
चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने जताया गहरा शोक
एअर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “हम इस दुखद दुर्घटना की पुष्टि अत्यंत पीड़ा के साथ करते हैं। हमारी संवेदनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। हमारी प्राथमिकता बचाव कार्य में सहयोग देना और पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करना है।”
DGCA ने शुरू की जांच
डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने भी इस दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। अहमदाबाद में मौजूद उनकी तकनीकी टीम और फ्लाइट ऑपरेशन इंस्पेक्टर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार विमान एयरपोर्ट के रनवे 23 से उड़ान भरने के कुछ ही पलों बाद एयरपोर्ट परिसर के अंदर ही गिर गया, जिससे तेज विस्फोट की आवाज सुनाई दी।



