विधायक अजय चंद्राकर का विरोधियों को खुला चैलेंज: ED की अफवाहों पर तीखा पलटवार बोले- युद्ध आमने-सामने होता है, कमर के नीचे वार करना राजनीति नहीं है

अपने खिलाफ ईडी की कार्रवाई की खबरों को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में उड़ रही अफवाहों पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक अजय चंद्राकर ने कड़ा रुख अपनाया है। रायपुर निवास में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने साफ किया कि उनके खिलाफ जानबूझकर नकारात्मक माहौल बनाया जा रहा है। विरोधियों को ललकारते हुए चंद्राकर ने कहा कि वे किसी भी तरह की राजनीतिक लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। उन्होंने तल्ख लहजे में चेतावनी दी कि पीठ पीछे या कमर के नीचे वार करना राजनीति नहीं है। युद्ध हमेशा आमने-सामने होता है और वे इसके लिए तैयार हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ का दबदबा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन और आगामी सांगठनिक बदलावों पर अजय चंद्राकर ने सकारात्मक उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रभारी रहे नितिन नबीन की टीम में प्रदेश के नेताओं को महत्वपूर्ण स्थान और लाभ मिलेगा। चंद्राकर के मुताबिक नितिन नबीन यहां के नेताओं की कार्यक्षमता और जमीनी पकड़ से अच्छी तरह वाकिफ हैं। उनके अनुभवों का फायदा दिल्ली के गलियारों में छत्तीसगढ़ के नेतृत्व को मजबूती प्रदान करेगा।

डीएड अभ्यर्थियों के प्रदर्शन पर बेबाक राय

नवा रायपुर में चल रहे डीएड अभ्यर्थियों के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मंत्री ने हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि यह पहली बार सुनने में आ रहा है कि अभ्यर्थी नौकरी के लिए इस तरह आंदोलन पर बैठे हैं। चंद्राकर ने तर्क दिया कि नियुक्तियां सरकार की तय नीति के आधार पर होती हैं। जब विभाग विज्ञापन निकालता है, तभी योग्य उम्मीदवारों को आवेदन करने का अवसर मिलता है। उन्होंने साफ किया कि भर्ती की एक निर्धारित प्रक्रिया होती है जिसका पालन करना अनिवार्य है।

‘जी राम जी’ योजना पर कांग्रेस से बहस की चुनौती

राज्य सरकार की नई योजनाओं और ‘जी राम जी’ को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर अजय चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस को खुली चुनौती दी कि अगर उन्हें किसी भी योजना पर आपत्ति है, तो वे बिंदुवार बहस के लिए सामने आएं। चंद्राकर ने कहा कि अगर कांग्रेसी नेता सरकार से बात करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं, तो वे उनसे सीधे चर्चा कर सकते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस के बनाए नियमों में कभी सुधार या बदलाव नहीं किया जा सकता।

मनरेगा के नाम पर छत्तीसगढ़ से नफरत का आरोप

चंद्राकर ने पुरानी यादें ताजा करते हुए मनरेगा विधेयक का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने योजना का नाम ‘छत्तीसगढ़ रोजगार गारंटी योजना’ रखने का प्रस्ताव दिया था, तब कांग्रेस ने इसका विरोध किया था। बाद में इसमें महात्मा गांधी का नाम जोड़ना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के मन में छत्तीसगढ़ के नाम को लेकर एक अजीब तरह की घृणा है। जो लोग राज्य के अपने नाम से परहेज करते हैं, उनके साथ किसी भी सार्थक चर्चा की गुंजाइश कम ही बचती है।

2 लाख करोड़ के ऐतिहासिक बजट की उम्मीद

छत्तीसगढ़ के आगामी आम बजट को लेकर अजय चंद्राकर काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने संकेत दिया कि राज्य के बजट का आकार अब 2 लाख करोड़ रुपये के ऐतिहासिक आंकड़े को छूने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट पूरी तरह से जनभावनाओं के अनुरूप होगा और इसमें विकास की एक नई झलक देखने को मिलेगी। चंद्राकर के अनुसार राज्य की आर्थिक स्थिति लगातार बेहतर हो रही है और यह बजट प्रदेश की बदलती तस्वीर को और साफ करेगा।

Also Read: PM Svanidhi Yojana: 50 हजार तक का बिना गारंटी लोन..साथ में क्रेडिट कार्ड, छोटे दुकानदारों के लिए कमाल की स्‍वन‍िध‍ि योजना

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button