VIDEO: छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल के अग्रवाल समाज को लेकर दिए विवादित बयान से मचा बवाल: अग्रवाल समाज ने जताया आक्रोश, माफी और जेल में डालने की मांग

छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़फोड़ मामले में बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल ने विवादित बयान देकर नया विवाद खड़ा कर दिया। बघेल ने कहा कि “पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अग्रसेन महाराज की मूर्ति क्यों नहीं टूटती, उनकी मूर्ति पर पेशाब क्यों नहीं करते?”

उनके इस बयान के बाद पूरे प्रदेश में अग्रवाल समाज में भारी नाराजगी फैल गई है। बघेल ने आगे कहा कि “कौन है अग्रसेन महाराज? चोर है या झूठा? पाकिस्तानी सिंधी क्या जानते हैं मछली वाले भगवान के बारे में?” उनके इन शब्दों को लेकर अग्रवाल समाज ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

रायपुर में मूर्ति तोड़फोड़ से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, रायपुर के वीआईपी चौक पर रविवार को छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ी गई, जिसके बाद क्रांति सेना के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस और संगठन कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। सोमवार को प्रशासन ने मूर्ति को दोबारा स्थापित कर दिया।

CSP रामाकांत साहू ने बताया कि आरोपी मनोज सतनामी, जो पुसौर (सारंगढ़) का रहने वाला है, को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिवार के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से बीमार है और नशे की हालत में उसने यह कृत्य किया था।

अग्रवाल समाज का विरोध तेज, कई जिलों में प्रदर्शन और ज्ञापन

अग्रवाल समाज ने रायपुर, रायगढ़, सरगुजा समेत कई जिलों में विरोध जताते हुए एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है। समाज के लोगों का कहना है कि “महाराजा अग्रसेन पर की गई टिप्पणी असहनीय है। अमित बघेल को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और उन्हें जेल भेजा जाए।”

रायगढ़ में मंगलवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग गांधी गंज में एकत्र हुए और एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि बघेल ने महाराजा अग्रसेन, भगवान श्रीराम के वंशजों, पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और सिंधी समाज के भगवान झूलेलाल के प्रति अमर्यादित टिप्पणी की है।

समाज ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। अग्रसेन सेवा संघ के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल ने कहा कि, “यह बयान पूरे अग्र और स्वर्ण समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।”

सरगुजा में थाने के बाहर धरना, रायगढ़ में SP को सौंपा गया ज्ञापन

सरगुजा जिले में अग्रवाल समाज के लोगों ने कोतवाली थाने के बाहर धरना देकर अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। समाज के उपाध्यक्ष शुभम अग्रवाल ने कहा कि बघेल का बयान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला है और ऐसे व्यक्ति को जेल भेजा जाना चाहिए।

मुख्य सचिव संजय अग्रवाल ने कहा कि, “भगवान अग्रसेन के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी से समाज आक्रोशित है। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।”
एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि अग्रवाल समाज की शिकायत पर अंबिकापुर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की जा रही है।

दाऊ अनुराग अग्रवाल बोले- “अमित बघेल को माफी मांगनी चाहिए”

छत्तीसगढ़ अग्रवाल समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दाऊ अनुराग अग्रवाल ने बयान जारी कर कहा,
“छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार हो चुका है, लेकिन इस बीच क्रांति सेना के नेताओं ने अनर्गल बातें कही हैं। अग्रसेन महाराज का छत्तीसगढ़ के विकास में बड़ा योगदान रहा है। दाऊ कल्याण सिंह ने कृषि विश्वविद्यालय के लिए 1900 एकड़ जमीन दी थी। DKS अस्पताल और AIIMS के लिए भी अग्रवाल समाज ने जमीन दान की है।”

उन्होंने कहा कि समाज ने हमेशा राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाई है और ऐसे अपमानजनक बयान बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

सुनिए छत्तीसगढ़ अग्रवाल समाज के अध्यक्ष का बयान-

पूरे प्रदेश में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

अमित बघेल के बयान के बाद से प्रदेशभर में अग्रवाल समाज का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। समाज के लोग रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा में सड़कों पर उतरकर गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसे बयानों से सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचता है और सरकार को तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए।

Also Read: छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़े जाने पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना का 31 अक्टूबर को रायपुर बंद का ऐलान

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button