Amit Shah In Chhattisgarh: आज शाम छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे गृहमंत्री अमित शाह, करेंगे कई बड़ी घोषणाएं, जानें मिनट टू मिनट कार्यक्रम

Amit Shah In Chhattisgarh: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज, 4 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। वे यहां दो दिन तक रहेंगे और इस दौरान कई अहम घोषणाएं कर सकते हैं। खासतौर पर नक्सल प्रभावित इलाकों के लिए उनके इस दौरे को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमित शाह की सबसे बड़ी सभा दंतेवाड़ा में होगी, जहां वे सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही नक्सल उन्मूलन को लेकर बड़ी बात कह सकते हैं। उनकी यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आज शाम रायपुर पहुंचेंगे अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह का मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। वे आज शाम 7:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और अन्य वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे राजधानी की एक होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन यानी 5 अप्रैल की सुबह वे बस्तर के लिए रवाना होंगे।

शाह का मिनट टू मिनट कार्यक्रम: Shah’s minute to minute programme
- रात 7:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर आगमन
- होटल मेफेयर रिसॉर्ट में रात्रि विश्राम
- कल सुबह 10:30 बजे जगदलपुर रवाना
- दंतेवाड़ा में माता दंतेश्वरी के दर्शन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात
- दोपहर 12:30 बजे बस्तर पंडुम समापन समारोह में शामिल होंगे
- शाम 4:15 बजे जगदलपुर से रायपुर लौटेंगे
- शाम 6 बजे से 8 बजे तक विभागीय समीक्षा बैठक
- रात 11 बजे विशेष विमान से दिल्ली रवाना
मां दंतेश्वरी के दर्शन और बस्तर पंडुम में शिरकत
अमित शाह 5 अप्रैल को दंतेवाड़ा पहुंचकर मां दंतेश्वरी के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे बस्तर पंडुम (Bastar Pandum) के कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह आयोजन आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को संजोने वाला एक महत्वपूर्ण उत्सव है। यहां से वे शाम को वापस रायपुर लौटेंगे और राजधानी में अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल उन्मूलन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
दंतेवाड़ा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अमित शाह के दौरे को देखते हुए दंतेवाड़ा में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। शाह की विशाल सभा में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। इस दौरान वे नक्सल उन्मूलन को लेकर कई अहम घोषणाएं कर सकते हैं। खासतौर पर नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे जवानों की हौसला अफजाई के लिए वे विशेष संदेश दे सकते हैं।
नक्सलियों में हड़कंप, लगातार हो रही कार्रवाई
अमित शाह के दौरे से पहले ही नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार बड़ी कार्रवाई हो रही है। हाल के दिनों में कई बड़े नक्सली मुठभेड़ में मारे गए हैं, जिससे उनके खेमे में हड़कंप मचा हुआ है। गृह मंत्री के इस दौरे को इसी संदर्भ में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनकी घोषणाओं से नक्सल विरोधी अभियान को नई दिशा मिल सकती है।
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की रणनीति को लेकर यह दौरा कई मायनों में अहम साबित हो सकता है। सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अमित शाह इस बार क्या बड़ा ऐलान करते हैं।