छत्तीसगढ़ी सिनेमा के वरिष्ठ कलाकार सलीम अंसारी का निधन, कला और सिनेमा जगत में शोक की लहर

रायपुर: छत्तीसगढ़ी सिनेमा जगत से इस वक्त एक दुखद खबर सामने आई है। प्रदेश के वरिष्ठ कलाकार सलीम अंसारी का निधन हो गया है। उनके निधन की पुष्टि फिल्म डायरेक्टर सतीश जैन ने की है। सलीम अंसारी के निधन से कला और सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

सैकड़ों छत्तीसगढ़ी फिल्मों में किया काम

सलीम अंसारी ने अपने लंबे और समर्पित अभिनय करियर में सैकड़ों छत्तीसगढ़ी फिल्मों में काम करके अपनी एक खास पहचान बनाई थी। उनकी सहज अभिनय शैली, हास्य से भरे संवाद और विनम्र व्यक्तित्व ने उन्हें हर उम्र के दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया था।

थिएटर से शुरू किया था करियर

सलीम अंसारी ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। थिएटर में लंबे समय तक काम करने के बाद, उन्होंने एल्बम और फिर फिल्मों में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में कहा था कि “मैं थिएटर से आया हूँ। बहुत साल थिएटर किया, फिर एल्बम में काम किया, जो गिने नहीं जा सकते। फिर फिल्मों में आया। लोगों ने मेरे काम को पसंद किया, यही सबसे बड़ा पुरस्कार है।”

‘झन भुलव मां बाप ला’ से मिली पहचान

निर्देशक सतीश जैन निर्देशित फिल्म ‘झन भुलव मां बाप ला’ में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद, उनकी हर फिल्म, चाहे वह छत्तीसगढ़ी हो या भोजपुरी, दर्शकों द्वारा पसंद की गई। उनकी अदाकारी और कलाकारी ने उन्हें छत्तीसगढ़ी सिनेमा में एक विशेष स्थान दिलाया।

सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति

सलीम अंसारी का योगदान छत्तीसगढ़ सिनेमा और थिएटर जगत में हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से छत्तीसगढ़ की कला और सिनेमा की दुनिया को अपूरणीय क्षति हुई है। फिल्म और कला जगत से जुड़े लोग उनके निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं।

Also Read: छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति के बाद अब राम मंदिर में श्री राम, सीता और हनुमान जी की मूर्ति को तोड़कर नाली में फेंका, भारी आक्रोश

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button