अंधविश्वास में डूबे ASI ने परिवार के साथ मिलकर महिला को पीटा: जादू टोने का आरोप लगाकर माँगा ‘जिंदा करने’ को, सभी 8 आरोपी गिरफ्तार

जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहाँ एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) ने अपने परिजनों के साथ मिलकर एक महिला पर जादू टोने का आरोप लगाते हुए बेरहमी से पिटाई कर दी। दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर निवासी पीड़िता फ़ौसी बाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। 8 नवंबर को सुबह 4 बजे जब वह खाना बनाने की तैयारी कर रही थी, तभी आरोपी एएसआई फूलचंद राम भगत अपने साथियों के साथ उसके घर के बाहर हल्ला करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण जब महिला ने दरवाजा नहीं खोला, तो आरोपियों ने दरवाजा लात मारकर तोड़ दिया और जबरन घर में घुस गए।

मृत पत्नी को जिंदा करने का दबाव बनाते हुए बाल पकड़कर घसीटा

अंधविश्वास में डूबे आरोपियों ने महिला के साथ नीच हरकतें कीं। एक आरोपी महिला गायत्री भगत ने पीड़िता फ़ौसी बाई को “तुम टोनही हो, तुमने मेरी माँ सुनीता बाई को जादू टोना कर मरवा दिया है, तुम्हें उसे जिंदा करना पड़ेगा” कहते हुए हाथ-मुक्का से मारा। अन्य आरोपी भी महिला के सिर के बाल खींचकर उसे घर से घसीटते हुए गाँव के मरघट की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान पीड़िता के बेटे और बेटी ने मौके पर पहुँचकर अपनी माँ को छुड़ाया। एएसआई फूलचंद राम भगत की पत्नी सुनीता भगत की मौत 30 अक्टूबर 2025 को इलाज के दौरान रायपुर में हो गई थी।

बैगा के कहने पर किया हमला, ASI सहित सभी 8 गिरफ्तार

पुलिस की जाँच में सामने आया कि आरोपी एएसआई फूलचंद राम भगत के रिश्तेदारों ने उसे कुछ बैगाओं से मिलवाया। एक ढोंगी बैगा ने मृतिका सुनीता भगत के संबंध में तंत्र-मंत्र का ढोंग करने के बाद यह बता दिया कि भिंजपुर गाँव की महिला फ़ौसी बाई के जादू टोना की वजह से ही सुनीता भगत की मौत हुई है। यह सुनते ही आरोपी एएसआई अपने साथियों को लेकर फ़ौसी बाई के घर पहुँचा और टोनही का आरोप लगाते हुए मारपीट करने लगा।

पीड़िता की रिपोर्ट पर तत्काल दुलदुला पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 351(2) सहित टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4, 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर त्वरित कार्रवाई की और मामले से जुड़े सभी आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। हालांकि, मामले में आरोपी बैगा और उसके साथी अभी भी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अंधविश्वास और टोनही जैसी कुप्रथाओं से दूर रहें, क्योंकि यह न केवल अंधविश्वास है, बल्कि एक गंभीर अपराध भी है।

Also Read: छत्तीसगढ़ में शर्मसार कर देने वाली वारदातें: 85 वर्षीय बुजुर्ग से दुष्कर्म, कोल्ड ड्रिंक्स में शराब मिलाकर किया गैंगरेप

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button