
मगरलोड: धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र में आयोजित मेघा मड़ई मेले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक सरेराह धारदार हथियार लहराते हुए लोगों को डराने लगा। रविवार को मेले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने निकले SI दक्ष कुमार साहू और उनकी टीम की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी।

यह युवक अपने हाथ में करीब 10.7 इंच लंबा आरीनुमा चाकू लेकर लोगों को धमकियां दे रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर तत्काल उसे धर दबोचा। पूछताछ में युवक की पहचान ग्राम मेघा निवासी 19 वर्षीय वेदप्रकाश विभार पिता नरेश विभार के रूप में हुई है।

आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी से हथियार रखने का लाइसेंस या वैध दस्तावेज मांगा, तो वह कोई भी कागज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई करते हुए वह खतरनाक चाकू अपने कब्जे में ले लिया, जिसके एक तरफ तेज धार और दूसरी तरफ आरी जैसे दांत बने हुए थे।

मगरलोड पुलिस ने आरोपी वेदप्रकाश के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मेले जैसे सार्वजनिक आयोजनों में शांति भंग करने और हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



