बागेश्वर धाम के ऐतिहासिक आयोजन में शामिल हुए CM विष्णु देव साय: 251 निर्धन कन्याओं का विवाह होगा संपन्न…

रायपुर, 25 फरवरी 2025 – आज बागेश्वर धाम में चल रहे शिवरात्रि महोत्सव के तहत 251 निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी उपस्थित रहे। इस ऐतिहासिक और भव्य आयोजन ने धार्मिक, सामाजिक समर्पण और राष्ट्रीय एकता का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
धार्मिक परंपरा और संस्कृति पर जोर
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बागेश्वर धाम में अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ संत परंपरा और धर्मनिष्ठा की भूमि है। भगवान श्रीराम ने अपना अधिकांश समय यहां बिताया था, और हमें गर्व है कि इस पावन अवसर पर बागेश्वर धाम में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि संस्कार और संस्कृति व्यक्ति के जीवन का अभिन्न हिस्सा होते हैं, और यही हमारे समाज को सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

नक्सलवाद मुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर नक्सलवाद के खात्मे के लिए सरकार के दृढ़ संकल्प की भी बात की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूरी तरह उन्मूलन किया जाएगा। प्रदेश के सुरक्षा बल इस दिशा में मजबूती से कार्य कर रहे हैं, और गृह मंत्री श्री विजय शर्मा के नेतृत्व में यह मिशन सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है।
धर्मांतरण रोकथाम और घर वापसी अभियान
मुख्यमंत्री श्री साय ने धर्मांतरण रोकथाम और घर वापसी अभियान को लेकर भी सरकार की नीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार अपने धार्मिक और सांस्कृतिक संतुलन को बनाए रखने के लिए कठोर कदम उठा रही है। उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि हमारी सरकार समाज को उसकी मूल पहचान से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
समाज सेवा का नया अध्याय: 251 निर्धन कन्याओं का विवाह
बागेश्वर धाम द्वारा आयोजित 251 निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह में सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी के समस्त सामान प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न हुए। श्रद्धालुओं के बीच इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह था, और यह समाज में एकता, प्रेम और समरसता का संदेश देने वाला था।
आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक समरसता का संगम
मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को सनातन धर्म की महिमा को पुनः स्थापित करने, समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने तथा गरीब कन्याओं के भविष्य को संवारने का ऐतिहासिक अवसर बताया। छत्तीसगढ़ सरकार इस धार्मिक आयोजन में भागीदारी कर गौरवान्वित महसूस कर रही है और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में योगदान देने के लिए संकल्पित है।
बाबा बागेश्वर ने की मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सराहना
इस अवसर पर बाबा बागेश्वर ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री स्वयं इस पावन कार्य को संपूर्णता देने के लिए यहां उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय बहुत ही सरल स्वभाव के हैं और छत्तीसगढ़ की एक-एक जनता के हित में कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार नक्सलवाद के खात्मे और समाज में शांति को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
बाबा बागेश्वर ने कहा कि छत्तीसगढ़ को ‘धान का कटोरा’ कहा जाता है और यह प्रदेश धर्म, संस्कृति और समृद्धि की भूमि है। उन्होंने प्रार्थना की कि यह प्रदेश हमेशा खुशहाल और समृद्ध बना रहे।
इस ऐतिहासिक आयोजन में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
Also Read: महाशिवरात्रि 2025: शिवलिंग पर राशिनुसार अर्पित करें ये चीजें, महादेव होंगे प्रसन्न