
Balodabazar Devar Bhabhi Case: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार शहर से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है. सिविल लाइन क्षेत्र में हुई 28 वर्षीय पुष्पा ध्रुव की अंधी हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने उसके सगे देवर को गिरफ्तार कर लिया है. रिश्तों को तार-तार करने वाले इस मामले में पुलिस ने आरोपी देवेंद्र ध्रुव (25 वर्ष) को दबोचकर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. पुलिस की शुरुआती पूछताछ में जो सच सामने आया है, उसने हर किसी को चौंका दिया है. आरोपी ने कबूल किया है कि लोक-लाज और सामाजिक बदनामी के डर से उसने अपनी ही भाभी को पहले छत से नीचे धकेला और फिर बेरहमी से उसकी जान ले ली.
देवर और भाभी के बीच पिछले 4 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
सिटी कोतवाली पुलिस की तफ्तीश में यह बात साफ हुई है कि मृतका पुष्पा ध्रुव और उसके देवर देवेंद्र ध्रुव के बीच पिछले करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध चल रहे थे. दोनों परिवार की नजरों से छिपकर लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे. आरोपी देवेंद्र ने पुलिसिया पूछताछ में बताया कि करीब दो महीने पहले दोनों एक साथ बाहर घूमने भी गए थे. इसी दौरान उनके बीच शारीरिक संबंध बने, जिसके कुछ समय बाद पुष्पा गर्भवती हो गई. इसके बाद से ही दोनों के बीच पारिवारिक विवाद और तनाव की स्थिति बनने लगी थी.

शादी और साथ रखने का दबाव बनाने पर देवर ने रची हत्या की साजिश
पुश्पा के गर्भवती होने के बाद से ही घर की कलह बढ़ गई थी. वह अपने पति को छोड़कर देवर देवेंद्र पर उसे हमेशा के लिए साथ रखने और उनके रिश्ते को सामाजिक रूप से स्वीकार करने का लगातार दबाव बना रही थी. देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह इस अनचाहे रिश्ते और समाज में होने वाली थू-थू को लेकर बेहद डरा हुआ था. उसने पुष्पा को अपना इरादा बदलने और मामले को रफा-दफा करने के लिए कई बार समझाया, लेकिन जब वह अपनी मांग पर अड़ी रही, तो उसने उसे अपने रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना डाला.
छत से गिरने के बाद भी सांसें चल रही थीं, तो ईंट से सिर कुचला
वारदात के दिन आरोपी ने पुष्पा को बहाने से बुलाया और विवाद बढ़ने पर उसे मकान की छत से सीधे नीचे जमीन पर धक्का दे दिया. ऊंचाई से गिरने के कारण पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गई थी. आरोपी जब छत से नीचे उतरकर आया, तो उसने देखा कि पुष्पा की सांसें अभी भी चल रही थीं. उसे डर था कि अगर वह बच गई तो उसका सारा राज खुल जाएगा. इसी खौफ में आकर उसने पास ही पड़े भारी ईंट-पत्थरों को उठाया और पुष्पा के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
एफएसएल टीम की मौजूदगी में पुलिस ने कराया क्राइम सीन रीक्रिएशन
हत्याकांड का खुलासा होने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस आरोपी देवेंद्र ध्रुव को कड़ी सुरक्षा के बीच घटना स्थल पर लेकर पहुंची. वहां फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम की मौजूदगी में पूरे क्राइम सीन का रीक्रिएशन कराया गया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर यह समझने की कोशिश की कि उसने वारदात को किस तरह अंजाम दिया था. इस दौरान भौतिक सत्यापन करते हुए पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी ईंट और मौके पर बिखरे अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्यों को अपनी कस्टडी में ले लिया.
थाना प्रभारी बोले आरोपी ने स्वीकार किया जुर्म, कोर्ट ने भेजा जेल
बलौदाबाजार के सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केवंट ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुष्पा की संदिग्ध मौत के बाद से ही पुलिस टीम विभिन्न कोणों से मामले की जांच कर रही थी. संदेह के आधार पर जब मृतका के देवर देवेंद्र ध्रुव को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो वह ज्यादा देर तक पुलिस को गुमराह नहीं कर सका और उसने अपना जुर्म पूरी तरह स्वीकार कर लिया. पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.



