
Balrampur Wild Mushroom Poisoning: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से जंगली मशरूम (खुखड़ी) खाने से फूड पॉइजनिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां के शंकरगढ़ इलाके में जंगल से लाई गई मशरूम की सब्जी खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोग अचानक बीमार हो गए। पीड़ितों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। सभी को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अनजान और जंगली मशरूम न खाने की अपील की है।

जंगली मशरूम खाने के बाद बिगड़ी एक ही परिवार की तबीयत
यह पूरी घटना बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ विकासखंड के अंतर्गत आने वाले जगीमा पटना गांव की है। बारिश का मौसम शुरू होते ही स्थानीय ग्रामीण जंगलों से प्राकृतिक रूप से उगने वाली खुखड़ी और फुटू (जंगली मशरूम) इकट्ठा करने जाते हैं। प्रभावित परिवार के सदस्य भी जंगल से खुखड़ी तोड़कर लाए थे और घर पर उसकी सब्जी तैयार की थी। दोपहर का भोजन करने के कुछ ही देर बाद घर के सदस्यों की हालत खराब होने लगी।

उल्टी और तेज घबराहट की शिकायत के बाद सभी पीड़ितों कराया गया भर्ती
जहरीली मशरूम की सब्जी खाने के बाद परिवार के दो बच्चों समेत कुल सात लोगों को लगातार उल्टियां होने लगीं। इसके साथ ही उन्हें तेज घबराहट, पेट दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण महसूस होने लगे। हालत बिगड़ती देख घबराए रिश्तेदार और पड़ोसी सभी मरीजों को तुरंत शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। अस्पताल के डॉक्टरों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी का इलाज शुरू किया और फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
बारिश के मौसम में जानलेवा साबित हो सकती है जंगलों में उगने वाली बिना पहचान की खुखड़ी
छत्तीसगढ़ के वनांचलों में बारिश के दिनों में जमीन और पेड़ों के पास प्राकृतिक रूप से बड़ी मात्रा में मशरूम उगते हैं, जिन्हें स्थानीय भाषा में खुखड़ी या फुटू कहा जाता है। ग्रामीण इन्हें बड़े चाव से खाते हैं और बाजारों में भी इसकी अच्छी मांग रहती है। हालांकि, जानकारों का कहना है कि इनमें से कई प्रजातियां बेहद जहरीली होती हैं, जिनकी पहचान करना बेहद मुश्किल होता है। जरा सी असावधानी के कारण यह स्वादिष्ट दिखने वाली सब्जी जानलेवा साबित हो सकती है।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की चेतावनी, बिना सही पहचान के जंगली मशरूम का सेवन करने से बचें
इस घटना के बाद स्थानीय स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अलर्ट हो गया है। डॉक्टरों ने ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी है कि वे केवल उन्हीं मशरूम का सेवन करें जो पूरी तरह से सुरक्षित और पहचानी हुई हों। बिना पहचान वाले या पूरी तरह से अज्ञात जंगली मशरूम को खाने से पूरी तरह बचना चाहिए। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि बारिश के मौसम में ऐसे मामलों से बचने के लिए खान-पान को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।



