
कांकेर जिले के नरहरपुर से रोंगटे खड़े कर देने वाला एक वीडियो सामने आया है। यहां एक शराब दुकान के आहाते में सो रहे युवक के पास अचानक एक जंगली भालू पहुंच गया। जब युवक की नींद खुली तो खूंखार भालू उसके बिल्कुल करीब खड़ा था। घबराने के बजाय युवक ने गजब की सूझबूझ दिखाई और पत्थर की तरह शांत होकर अपनी सांसें रोक लीं। भालू करीब चार मिनट तक युवक के आसपास घूमता रहा और तांडव मचाता रहा। गनीमत रही कि भालू ने युवक पर हमला नहीं किया और कुछ देर बाद वहां से जंगल की ओर लौट गया।
स्थानीय इलाकों में भालू की बढ़ती दस्तक
नरहरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में भालू के आने की यह पहली घटना नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पास के जंगल से अक्सर भालू खाने-पीने की तलाश में रिहायशी इलाकों का रुख करते हैं। इस घटना के बाद वन विभाग ने लोगों को चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने अपील की है कि लोग रात के समय जंगलों के पास खुले आहातों या सुनसान जगहों पर सोने से बचें। फिलहाल भालू की आवाजाही पर नजर रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके।



