
भिलाई: Husband Killed Wife: तीजा से पहले भिलाई शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नेवई थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर सीधे थाने पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। मृतका की पहचान दीक्षा दुबे (20 वर्ष) और आरोपी की पहचान एकल दुबे (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से पूजा-पाठ करवाने का काम करता है।
गला दबाकर की हत्या, फिर खुद पहुंचा थाने
Teej Festival Murder: नेवई पुलिस के अनुसार, वारदात शुक्रवार रात मरोदा इलाके में हुई, जहां पति-पत्नी किराए के मकान में रह रहे थे। किसी घरेलू विवाद के बाद एकल दुबे ने अपनी पत्नी दीक्षा का गला दबा दिया। हत्या के तुरंत बाद वह खुद थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।
शादी को हुए थे सिर्फ 1 साल
Bhilai Crime News: मिली जानकारी के अनुसार, एकल और दीक्षा की शादी 11 जुलाई 2024 को हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए थे। मृतका के परिवार वालों का आरोप है कि दीक्षा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और आरोपी अक्सर उससे मारपीट करता था।

मृतका के परिवार का आरोप: सुनियोजित हत्या
दीक्षा का मायका राजनांदगांव जिले के खपरी गांव में है। घटना की खबर मिलते ही उसका परिवार भिलाई पहुंचा। दीक्षा की मां और परिजनों ने साफ तौर पर इसे एक सुनियोजित हत्या बताया है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि पहले भी कई बार दीक्षा को उसके पति ने मायके छोड़ दिया था और उसके साथ हिंसा करता था।
वारदात से पहले भी हुआ था झगड़ा
परिजनों का कहना है कि जिस दिन हत्या हुई, उस दिन भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गला दबाकर दीक्षा की जान ले ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की सटीक वजह सामने आ सके।
आरोपी करता है पूजा-पाठ का काम
नेवई पुलिस के मुताबिक आरोपी एकल दुबे पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान कराने का कार्य करता है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि हत्या की पीछे क्या वजह रही और क्या किसी और ने इस वारदात में भूमिका निभाई है।
जांच जारी, परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। मृतका के परिजनों ने साफ तौर पर कहा है कि उन्हें न्याय चाहिए और आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।
Also Read: धमतरी के हसदा गांव में बुजुर्ग ने महिला की चाकू मारकर की हत्या, गांव में फैली दहशत



