Bhakhara SBI Center Fraud: भखारा में बैंक समझकर जमा करते रहे मेहनत की कमाई, पासबुक में कराई एंट्री तो उड़े होश, जानें क्या हैं करोड़ों के गबन का मामला

Bhakhara News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने ग्रामीण इलाकों की बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भखारा थाना क्षेत्र में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक कियोस्क सेंटर संचालक ने ग्रामीणों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर दिया। कियोस्क सेंटर को असली बैंक समझकर पैसे जमा करने वाले ग्रामीणों को जब ठगी का अहसास हुआ, तब तक आरोपी 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लेकर फरार हो चुका था।

SBI कियोस्क सेंटर संचालक ने किया ठगी

पुलिस के अनुसार, इस पूरे फर्जीवाड़े का मुख्य आरोपी बालोद जिले का रहने वाला केशवराम साहू है। आरोपी भखारा इलाके में एसबीआई का कियोस्क सेंटर संचालित कर रहा था। स्थानीय ग्रामीणों के लिए यह सेंटर किसी मुख्य बैंक शाखा की तरह ही था, जहां लोग अपनी दिनभर की कमाई, बचत और पेंशन का पैसा जमा व निकासी करने आते थे। आरोपी ने ग्रामीणों के इसी अटूट विश्वास का फायदा उठाकर धोखाधड़ी का ताना-बाना बुना।

निजी खाते में ट्रांसफर की रकम

आरोप है कि केशव साहू ने बैंकिंग नियमों को पूरी तरह दरकिनार कर दिया था। वह ग्रामीणों से नकद राशि तो ले लेता था, लेकिन उसे उनके आधिकारिक बैंक खातों में जमा करने के बजाय अपने निजी खातों में ट्रांसफर कर लेता था। लेनदेन के दौरान ग्रामीणों को डिजिटल सिस्टम या मशीन से जनरेट हुई रसीद देने के बजाय, वह पासबुक में हाथ से एंट्री करके दे देता था। सीधे-सादे ग्रामीणों को लगता रहा कि उनकी राशि बैंक खाते में सुरक्षित पहुंच चुकी है।

1 करोड़ से अधिक का गबन कर अचानक हुआ गायब

यह फर्जीवाड़ा एक-दो दिन नहीं बल्कि लंबे समय तक चलता रहा। आरोपी लगातार ग्रामीणों से पैसे लेता रहा और अपनी जेब भरता रहा। जब गबन की गई कुल राशि लगभग 1 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गई, तो आरोपी सेंटर बंद करके अचानक गायब हो गया। संचालक के न मिलने पर जब ग्रामीणों ने मुख्य बैंक शाखा जाकर अपनी पासबुक अपडेट कराई, तब जाकर इस पूरे घोटाले का पर्दाफाश हुआ।

पासबुक में एंट्री थी पर खाते में बैलेंस शून्य

बैंक की मुख्य शाखा में जब ग्रामीणों ने अपनी पासबुक मशीन में प्रिंट कराई, तो उनके पासबुक में बैलेंस नहीं दिख रहा था। जिन खातों में हजारों और लाखों रुपये होने चाहिए थे, वहां राशि शून्य या पुरानी ही दिख रही थी। यह देखते ही ग्रामीणों के पैरों तले जमीन खिसक गई। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ग्रामीणों की भीड़ भखारा थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

भखारा पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच तेज

पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद भखारा थाना पुलिस ने आरोपी केशव साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक टीम फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में कुल कितने ग्रामीण शिकार हुए हैं और गबन की गई राशि को किन-किन बैंक खातों में भेजा गया है।

बैंकिंग निगरानी व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में चल रहे कियोस्क बैंकिंग और ग्राहक सेवा केंद्रों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह उठ रहा है कि जब महीनों तक कियोस्क संचालक मशीन के बजाय हाथ से पासबुक में एंट्री कर रहा था, तब संबंधित बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।

Also Read: Dhamtari Cyber Jagriti Abhiyan: धमतरी जिले में ‘साइबर जागृति अभियान’ की शुरुआत, जानें कैसे लें हिस्सा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button