कुरूद में कल विधायक अजय चन्द्राकर की अध्यक्षता में होगा 100 बिस्तर अस्पताल भवन का भूमिपूजन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल होंगे मुख्य अतिथि

धमतरी जिले के कुरूद विकासखण्ड के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। वर्तमान में संचालित 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल का उन्नयन करके उसे 100 बिस्तर सिविल अस्पताल में बदला जा रहा है। इस नवीन अस्पताल भवन के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने ₹1784.66 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से बनने वाले सौ बिस्तर नवीन अस्पताल भवन का भूमिपूजन कार्यक्रम कल आयोजित किया जाएगा।

कल सुबह 11 बजे इंडोर स्टेडियम में होगा समारोह

नवीन 100 बिस्तर सिविल अस्पताल भवन के निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम कल यानी 17 नवंबर को सुबह 11 बजे कुरूद के इंडोर स्टेडियम में रखा गया है। यह समारोह कुरूद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस कार्यक्रम में सांसद, विधायक सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल होंगे मुख्य अतिथि

भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रदेश शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महासमुन्द लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुरूद विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय चन्द्राकर करेंगे। इन वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति इस परियोजना के महत्व को दर्शाती है।

विधायक अजय चंद्राकर के प्रयासों से मिली स्वीकृति

इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना को कुरूद विधायक अजय चंद्राकर के निरंतर प्रयासों का फल माना जा रहा है। उनके प्रयासों से ही राज्य शासन ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार हेतु इस उन्नयन को मंजूरी दी और बड़ी राशि की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की। स्वीकृति की गई राशि निर्माण कार्य के लिए संबंधित विभाग को आबंटित भी हो चुकी है, जिससे निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

पुरे कुरुद विधानसभा को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

कुरूद नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में 100 बिस्तरों वाले नए सिविल अस्पताल की घोषणा के बाद खुशी और राहत का माहौल है। स्थानीय लोग इसे एक बड़ी सौगात मानते हुए क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर को लगातार बधाई संदेश भेज रहे हैं। वर्षों से स्वास्थ्य सुविधाओं में जिसकी बहुप्रतीक्षित मांग की जा रही थी, वह अब पूरा हुआ है। अब लोग गंभीर स्थिति में इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों तक जाने को मजबूर नहीं होंगे। यह केवल एक अस्पताल नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की सेहत और जनकल्याण को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और गंभीरता का प्रतीक है।

कार्यक्रम की सफलता के लिए जोरों से चल रही है तैयारी

सौ बिस्तर नवीन अस्पताल भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जीवन दीप समिति, सिविल अस्पताल, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सहित तमाम स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा जोर-शोर से तैयारी की जा रही है। इस नवीन अस्पताल से कुरूद और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएँ मिल सकेंगी।

Also Read: राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए कुरुद के दिव्यांग चित्रकार बसंत साहू चयनित

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button