
Kurud News: धमतरी जिले का कुरूद क्षेत्र अब उच्च शिक्षा के एक बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। स्थानीय विधायक अजय चंद्राकर ने आज कुरुद में बनने वाले नवीन शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय के भवन का भूमिपूजन किया। इस प्रोजेक्ट के साथ ही स्टाफ क्वार्टर निर्माण की भी आधारशिला रखी गई। इस पहल से न केवल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय छात्र-छात्राओं को प्रोफेशनल कोर्स के लिए अब दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
8.68 करोड़ की लागत से बनेगा हाईटेक कैंपस
नर्सिंग महाविद्यालय का नया भवन करीब 8.68 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। यह कैंपस पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक नर्सिंग और सिमुलेशन लैब, एक विशाल पुस्तकालय और ऑडिटोरियम जैसी सुविधाएं होंगी। कॉलेज परिसर को ‘ग्रीन कैंपस’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए बेहतर माहौल मिल सके।
पलायन रोकने और हुनर निखारने पर जोर
मुख्य अतिथि अजय चंद्राकर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य कुरूद के हर युवा को हुनरमंद बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्र में ऐसी शिक्षा व्यवस्था तैयार की जा रही है जिससे युवाओं को काम की तलाश में बाहर न जाना पड़े। नर्सिंग कॉलेज के अलावा जल्द ही यहां बीए, एलएलबी और पॉलिटेक्निक जैसे संस्थान भी शुरू होंगे। इससे क्षेत्र के युवाओं को सम्मानजनक रोजगार और सेवा के अवसर स्थानीय स्तर पर ही सुलभ होंगे।
औद्योगिक पार्कों से मिलेगा रोजगार को बढ़ावा
विधायक ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार की बड़ी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि डांडेसरा, बड़ी करेली और कचना में औद्योगिक पार्कों का निर्माण किया जा रहा है। ये पार्क युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेंगे। सरकार की स्टार्टअप नीति का लाभ उठाते हुए युवा उद्यमी बन सकें, इसके लिए शासन हर संभव मदद कर रहा है।
शैक्षणिक मानचित्र पर कुरूद की नई पहचान
बीते कुछ वर्षों में कुरूद में शैक्षणिक संस्थानों की एक लंबी श्रृंखला तैयार हुई है। कृषि महाविद्यालय जहां किसानों को आधुनिक तकनीक सिखा रहा है, वहीं विधि और पॉलिटेक्निक कॉलेज युवाओं को व्यावसायिक रूप से सशक्त बना रहे हैं। अब नर्सिंग महाविद्यालय के जुड़ने से कुरूद बहुआयामी शिक्षा का एक बड़ा केंद्र बन गया है। मेडिकल कॉर्पोरेशन बोर्ड के अध्यक्ष दीपक महस्के ने भी क्षेत्र में हो रहे इन बदलावों की सराहना की और निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने का भरोसा दिलाया।
स्वास्थ्य और उद्यमिता को मिलेगी मजबूती
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रही विकास योजनाओं की चर्चा की। उन्होंने कहा कि जागरूक जनप्रतिनिधियों और जनता के सहयोग से ही विकास के ये आयाम गढ़े जा रहे हैं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नर्सिंग कॉलेज के शुरू होने से धमतरी जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के स्वास्थ्य ढांचे में भी बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।



