
रायपुर Attendance on the Online Biometric Machine: छत्तीसगढ़ के स्कूलों में अब शिक्षकों और कर्मचारियों को अपनी उपस्थिति ऑनलाइन बायोमेट्रिक मशीन पर दर्ज करनी होगी। मंत्रालय में अधिकारी-कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम अनिवार्य किए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने डीईओ, बीईओ और बीआरसी अधिकारियों को यह निर्देश दिया है। मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बच्चों की बेहतर शिक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। यह फैसला अक्सर आने वाली शिकायतों कि शिक्षक स्कूल से नदारद रहते हैं, फिर भी रजिस्टर में उपस्थिति दर्ज होती है, को देखते हुए लिया गया है।

अगले तीन वर्षों के लिए बनेगी समग्र कार्ययोजना
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सभी जिलों को अगले तीन वर्षों के लिए एक समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय अधोसंरचना के मजबूत विकास, शैक्षणिक माहौल के संवर्धन और शिक्षण गुणवत्ता में ठोस सुधार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। यह निर्देश स्कूल शिक्षा विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक में दिए गए, जो महासमुंद के जिला पंचायत कार्यालय के सभागार में सम्पन्न हुई।
गुणवत्तापूर्ण अध्यापन और मासिक परीक्षा निगरानी पर जोर
मंत्री यादव ने शैक्षणिक गतिविधियों में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण बातों पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी जिलों को मासिक परीक्षा की सतत निगरानी, ब्लूप्रिंट आधारित अध्ययन, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और कुशल शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण अध्यापन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सचिव स्कूल शिक्षा विभाग सिद्धार्थ कोमल परदेशी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बेसिक लर्निंग पर विशेष फोकस, भाषा और गणित दक्षता बढ़ाएंगे
शिक्षा मंत्री ने शिक्षा की बुनियादी सीख पर विशेष फोकस करने का निर्देश दिया। उन्होंने कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए धारा-प्रवाह हिंदी पढ़ने को बढ़ावा देने हेतु एक विशेष योजना तैयार करने को कहा। इसके साथ ही माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर पर विद्यार्थियों की बेसिक गणित और अंग्रेजी दक्षता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
Also Read: CG के सभी कॉलेजों में अब बायोमेट्रिक अटेंडेंस और ई-क्लासेज अनिवार्य



