भाजपा नेताओं ने गिनाई SIR अभियान की खामियां, निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

भारतीय जनता पार्टी के SIR प्रदेश प्रभारी और पूर्व सांसद जामयांग नामग्याल ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. उनके साथ खनिज निगम अध्यक्ष सौरभ सिंह, प्रदेश प्रवक्ता डॉ विजयशंकर मिश्रा, एसआईआर कार्यालय प्रभारी मोहन पवार और वैभव वैष्णव भी मौजूद रहे.

दूरस्थ इलाकों में मतदाता सूची उपलब्ध कराने पर सवाल

बैठक के दौरान नामग्याल ने कहा कि बस्तर और सुकमा जैसे वन क्षेत्रों में अब तक टेलिफोन नेटवर्क और ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं. ऐसी स्थिति में मतदाताओं तक सूची कैसे पहुंचेगी और फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया कैसे पूरी होगी, इस पर विस्तार से चर्चा हुई. उन्होंने यह भी कहा कि इन इलाकों में बूथ लेवल अधिकारियों से बेहतर समन्वय जरूरी है.

बूथ लेवल एजेंटों को अब तक नहीं मिला पहचान पत्र

भाजपा नेताओं ने अपने ज्ञापन में बताया कि चार नवंबर से चल रहे एसआईआर अभियान के बावजूद राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों को अब तक पहचान पत्र नहीं दिए गए. इससे एजेंटों को क्षेत्र में काम करने में दिक्कत आ रही है. नेताओं का कहना है कि कई जगहों पर बूथ लेवल अधिकारियों ने निर्धारित नियमों के अनुसार काम नहीं किया.

मतदाता सत्यापन में लापरवाही का आरोप

पार्टी का दावा है कि स्थानीय स्तर पर नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों ने पाया कि कई बीएलओ मतदाताओं के घर पहुंचकर सत्यापन नहीं कर रहे. इसके बजाय एक ही स्थान पर फॉर्म वितरित किए जा रहे हैं. इससे वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची में छूटने की आशंका बढ़ जाती है.

BLO पर कार्रवाई न होने पर नाराजगी

भाजपा नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा बीएलओ के लिए तय निर्देशों का पालन न होने के बावजूद इलेक्शन रजिस्ट्रेशन ऑफिसर द्वारा किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने चेताया कि इस लापरवाही से मतदाता सूची में गड़बड़ी बढ़ सकती है, जो सही मतदाताओं के साथ अन्याय होगा. पार्टी ने एसआईआर अभियान में चल रही अनियमितताओं पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है.

Also Read: CG SIR Update: SIR में गलत जानकारी दी तो होगी 1 साल की सज़ा या भारी जुर्माना, निर्वाचन आयोग ने किया अलर्ट

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button