CG Assembly Winter Session 2025 VIDEO: सदन में बीजेपी अध्यक्ष किरण देव ने स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल को घेरा, लेटलतीफी पर उठाया सवाल

छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान आज एक असामान्य स्थिति देखने को मिली जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने अपने ही स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल को घेर लिया। किरण देव ने निर्माण कार्यों में हो रही छह-छह महीने की लेटलतीफी और विभागीय कार्यालयों में कथित ‘बाबूराज’ को लेकर कड़े सवाल दागे। उन्होंने पूछा कि निर्माण कार्य की स्वीकृति और फंड की व्यवस्था होने के बावजूद टेंडर जारी होने में इतना विलंब क्यों हो रहा है? प्रदेश अध्यक्ष के इस कड़े रुख के चलते स्वास्थ्य मंत्री सदन में कुछ असहज महसूस कर रहे थे।

जगदलपुर महारानी अस्पताल के निर्माण कार्यों पर उठाए तीखे सवाल

किरण देव ने महारानी अस्पताल, जगदलपुर में प्रस्तावित निर्माण कार्यों की स्वीकृति के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी। उन्होंने मंत्री से पूछा कि एमआरडी, हिमोडायलिसिस, पेलिएटिव केयर और कैंसर क्लीनिक के निर्माण हेतु स्वीकृति कब प्रदान की गई थी? साथ ही पूछा कि यदि निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है तो इसका कारण क्या है और इसके लिए कौन दोषी है? उनके सवालों से यह साफ संकेत गया कि विभागीय कामकाज में लगातार ढिलाई बरती जा रही है। मंत्री के पास इन तीखे सवालों का सीधा जवाब नहीं था, जिसके चलते वे विभागीय नियमों का हवाला देते नजर आए।

मंत्री ने बताया DMFT मद से होगा निर्माण, निविदा प्रक्रियाधीन

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने सदन को निर्माण कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इन कार्यों के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) जिला बस्तर के द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि एमआरडी भवन निर्माण में करीब ₹411.99 लाख और हिमोडायलिसिस आदि के निर्माण में करीब ₹436.82 लाख का व्यय होने का अनुमान है। निर्माण एजेंसी के रूप में लोक निर्माण विभाग (PWD) जिला बस्तर कार्य करेगा। हालांकि, मंत्री ने यह भी बताया कि वर्तमान में निविदा (Tender) प्रक्रियाधीन है और इसे खोलने की तिथि 24 दिसंबर 2025 निर्धारित है, जिसके कारण निर्माण कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं कराया जा सका है।

देखिये वीडियो-

निर्माण पूरा होने की निश्चित समय सीमा देना संभव नहीं

महारानी अस्पताल के निर्माण कार्य को लेकर मंत्री जायसवाल ने सदन में यह स्वीकार किया कि निविदा प्रक्रियाधीन होने के कारण वर्तमान में निर्माण कार्य पूरा होने की कोई निश्चित समय-सीमा बताया जाना संभव नहीं है। यह जवाब किरण देव के सवालों की पुष्टि करता है कि विभागीय कार्यों में विलंब हो रहा है और स्वीकृति के बावजूद कार्य शुरू नहीं हो पाया है। मंत्री ने यह भी कठिनाई जाहिर की कि जब तक निविदा प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक कार्य शुरू नहीं हो सकेगा।

बस्तर में अगले महीने सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल होगा शुरू

निर्माण कार्यों में देरी के मुद्दे पर घिरने के बाद, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने सदन को यह सकारात्मक जानकारी दी कि बस्तर में अगले महीने सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के शुरू होने से बस्तरवासियों के अलावा जवानों और अन्य लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। इस घोषणा से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार की उम्मीद जगी है।

Also Read: VIDEO: शिक्षा मंत्री की फटकार के बाद BEO बेहोश होकर गिरे, अस्पताल ले जाया गया, देखें वीडियो…

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button