
कोंडागांव: Kondagaon News: जिले में NH-30 पर रविवार देर शाम बड़ा हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार बलेनो कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद जांच में कार की डिक्की से 14 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने धमतरी जिले के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
हादसा और मौत
Road Accident: 7 सितंबर को ग्राम दूधगांव के पास सफेद रंग की बलेनो कार (क्रमांक CG 05 AT 3674) जगदलपुर की ओर से आ रही थी। उसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार देवनाथ नेताम और लिखत राम सोढ़ी को कार चालक ने ठोकर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे खड़ी मिली।

गांजा बरामदगी और गिरफ्तारी
Ganja Smuggling: मौके पर जांच के दौरान पुलिस ने कार में बैठे युवक से पूछताछ की, जिसने अपना नाम अनुराग सोनी (28 वर्ष), निवासी रामबाग, धमतरी बताया। कार की डिक्की खंगालने पर उसमें से दो पैकेट में 14.3 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत लगभग 1.40 लाख रुपये आंकी गई। कार, मोबाइल और गांजा सहित जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 7.43 लाख रुपये है।

जांच में यह भी सामने आया कि कार का मालिक लोकेश गोयल (33 वर्ष), निवासी सदर दक्षिण मार्ग, धमतरी है, जो गांजा परिवहन में संलिप्त था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया।
फरार आरोपी
पुलिस के अनुसार, कार में धमतरी के अन्य तीन लोग भी सवार थे, जो हादसे के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी तलाश जारी है।
पुलिस की कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक शाशिभूषण पटेल, सहायक उप निरीक्षक चिंता राम ध्रुव, सुकेन्द्र कश्यप, प्रधान आरक्षक नरेंद्र देहारी, अजय बघेल और आरक्षक रामेश्वर भगत की टीम शामिल रही।



