
Digital Census Questions: केंद्र सरकार ने देश में आयोजित होने वाली आगामी जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इस बार की जनगणना कई मायनों में ऐतिहासिक होने वाली है क्योंकि यह आजाद भारत की पहली पूरी तरह डिजिटल जनगणना होगी। इसमें नागरिकों से 40 प्रमुख सवालों के जवाब मांगे जाएंगे। डिजिटल माध्यम से डेटा जुटाने के साथ-साथ इस बार जनसांख्यिकी और सामाजिक स्थिति का एक व्यापक डेटाबेस तैयार करने की योजना बनाई गई है।
1 सितंबर से लद्दाख और पहाड़ी राज्यों में शुरू होगी प्रक्रिया, ऑनलाइन फॉर्म भरने का भी विकल्प
Census 2026 Process: जनसंख्या गणना की शुरुआत 1 सितंबर से 30 सितंबर के बीच लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फीले व पहाड़ी इलाकों से होगी। घर-घर जाकर गणना शुरू होने से पहले आम नागरिकों को 17 अगस्त से 31 अगस्त के बीच स्वयं ऑनलाइन फॉर्म (सेल्फ एनुमरेशन) भरने की सुविधा भी दी जाएगी। देश के मैदानी और शेष हिस्सों में जनसंख्या गणना का कार्य अगले वर्ष से चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।
40 प्रश्नों की सूची: नागरिकों से मांगी जाएंगी ये मुख्य जानकारियां
Census 2026 Questions List: जनगणना के दौरान प्रगणक नागरिकों से 40 मुख्य बिंदुओं पर जानकारी लेंगे। सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार निम्नलिखित सवाल पूछे जाएंगे:
- आपका नाम क्या है?
- परिवार के मुखिया से आपका क्या संबंध है?
- आपका लिंग क्या है? (पुरुष / महिला / अन्य)
- आपकी जन्म तिथि और पूर्ण वर्षों में आयु कितनी है?
- आपकी वर्तमान वैवाहिक स्थिति क्या है?
- विवाह के समय आपकी आयु (पूर्ण वर्षों में) कितनी थी?
- आपके पति/पत्नी का नाम क्या है?
- आपकी घोषित राष्ट्रीयता क्या है?
- आपका धर्म क्या है?
- क्या आप अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) या किसी अन्य जाति से हैं?
- आपके पिता का नाम और विवरण क्या है?
- आपकी माता का नाम और विवरण क्या है?
- क्या आप किसी प्रकार की दिव्यांगता से प्रभावित हैं?
- आपकी मातृभाषा क्या है और आप अन्य कौन सी भाषाएं जानते हैं?
- आपकी साक्षरता और डिजिटल साक्षरता (कंप्यूटर/मोबाइल उपयोग) की स्थिति क्या है?
- क्या आप वर्तमान में किसी शैक्षणिक संस्थान में अध्ययनरत हैं?
- आपकी उच्चतम शैक्षणिक योग्यता क्या है और आपका मुख्य विषय क्या रहा है?
- क्या आपने पिछले एक वर्ष के दौरान कोई आर्थिक कार्य किया है?
- आपकी आर्थिक गतिविधि किस श्रेणी में आती है?
- आपका मुख्य व्यवसाय या पेशा क्या है?
- आपके कार्य की उद्योग, व्यापार या सेवा संबंधी प्रकृति क्या है?
- काम के आधार पर आपकी वर्ग या श्रेणी क्या है? (जैसे- नियोक्ता, कर्मचारी, स्व-रोजगार आदि)
- यदि आप कोई नौकरी या व्यवसाय नहीं करते, तो दिनभर मुख्य रूप से क्या करते हैं?
- यदि आप कार्यरत नहीं हैं, तो क्या आप काम की तलाश में हैं या कार्य के लिए उपलब्ध हैं?
- आप अपने कार्यस्थल तक कैसे यात्रा करते हैं और कितनी दूरी तय करते हैं?
- आपका जन्म स्थान कहां है?
- इस स्थान से पहले आपका अंतिम निवास स्थान कौन सा था?
- निवास स्थान बदलने (प्रवास) का मुख्य कारण क्या था?
- अंतिम बार निवास बदलने के बाद से आप इस स्थान पर कितने समय से रह रहे हैं?
- आपका स्थायी आवासीय पता क्या है?
- वर्तमान में आपके कितने बच्चे जीवित हैं? (केवल विवाहित, विधवा, तलाकशुदा महिलाओं के लिए)
- आपके कुल कितने बच्चे जीवित जन्मे थे? (केवल विवाहित, विधवा, तलाकशुदा महिलाओं के लिए)
- पिछले एक वर्ष के दौरान आपने कितने बच्चों को जन्म दिया? (केवल विवाहित महिलाओं के लिए)
- आपने कोविड-19 का टीकाकरण कहां करवाया था?
- आपके कुल कितने बैंक खाते हैं?
- आपका मोबाइल नंबर क्या है? (यदि उपलब्ध हो)
- आपका आधार नंबर [Redacted] (यदि उपलब्ध हो)
- आपका मतदाता पहचान पत्र (वोटर ID) नंबर क्या है? (यदि उपलब्ध हो)
- आपका पासपोर्ट नंबर क्या है? (यदि भारतीय पासपोर्ट धारक हैं)
- क्या आपके पास ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध है?
पूरी तरह डिजिटल होगी यह ऐतिहासिक प्रक्रिया
India Census Update: इस बार की जनगणना को पूरी तरह से आधुनिक तकनीक से जोड़ा गया है। पहली बार डिजिटल साक्षरता, कोविड-19 टीकाकरण, बैंक खातों की संख्या और विभिन्न पहचान दस्तावेजों से जुड़े आंकड़ों को इसमें शामिल किया गया है। मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए डेटा एकत्र करने से गणना में पारदर्शिता आएगी और अंतिम आंकड़े जल्द से जल्द जारी किए जा सकेंगे।



