CG Legislative Assembly Monsoon Session LIVE: क्या सरकार बचा पाएगी अपनी साख? सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर महासंग्राम, खाद्य और महतारी वंदन योजना पर विपक्ष के तीखे सवाल, देखें लाइव

CG Assembly Monsoon Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज पांचवां दिन है और सदन में राजनीतिक माहौल गरमाने के आसार हैं। कांग्रेस द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर आज चर्चा होगी। इसके साथ ही खाद्य वितरण, उचित मूल्य दुकानों, महतारी वंदन योजना और स्थानीय निकायों की सीएजी रिपोर्ट जैसे कई अहम मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी।

अविश्वास प्रस्ताव पर होगी मुख्य चर्चा

मानसून सत्र के अंतिम दिन कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा करेगी। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सदन में प्रस्ताव पेश करेंगे। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष अपनी-अपनी दलीलें रखेंगे। इस चर्चा को सत्र का सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दा माना जा रहा है।

इन मंत्रियों से पूछे जाएंगे सवाल

आज की कार्यवाही के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल विभिन्न विभागों से जुड़े प्रश्नों का जवाब देंगे। वहीं मंत्री ओपी चौधरी स्थानीय निकायों से संबंधित सीएजी रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेंगे। विधायक गोमती साय, धर्मजीत सिंह और भईयालाल राजवाड़े भी प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।

धान-चावल वितरण और केंद्रीय पूल पर सरकार से जवाब

विधायक शेषराज हरवंश ने राज्य में विभिन्न योजनाओं के तहत वितरित किए जा रहे चावल की मात्रा और पात्र परिवारों की संख्या को लेकर सवाल उठाया है। उन्होंने यह भी पूछा है कि वर्ष 2024-25 और 2025-26 में कितनी मात्रा में चावल की आवश्यकता थी और केंद्रीय तथा राज्य पूल से कितनी आपूर्ति की गई। इसके अलावा केंद्रीय योजनाओं में पात्रता से अधिक वितरण और आपूर्ति में कमी को लेकर भी सरकार से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

धमतरी की उचित मूल्य दुकानों पर भी उठेंगे सवाल

विधायक अंबिका मरकाम धमतरी जिले में संचालित उचित मूल्य दुकानों की स्थिति पर सवाल उठाएंगी। प्रश्नों में विकासखंडवार दुकानों की संख्या, उनके आवंटन की अवधि, समय सीमा पूरी होने के बाद भी संचालित दुकानों और समय वृद्धि के नियमों की जानकारी मांगी गई है। साथ ही गरीबी रेखा और अंत्योदय कार्डधारी परिवारों को राशन वितरण तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभ की स्थिति पर भी चर्चा होगी।

महतारी वंदन योजना में अपात्रता का मुद्दा

विधायक उमेश पटेल महतारी वंदन योजना के तहत पात्र और अपात्र महिलाओं की संख्या को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे। उन्होंने जिलेवार जानकारी मांगी है कि योजना शुरू होने के बाद कितनी महिलाओं को लाभ मिला और जून 2026 तक कितनी महिलाएं लाभार्थी बनी रहीं। इसके अलावा किन कारणों से महिलाओं को योजना से बाहर किया गया और क्या ई-केवाईसी न होने के कारण भी किसी को अपात्र घोषित किया गया, इस पर भी सरकार से स्पष्ट जवाब देने को कहा गया है।

आज का दिन राजनीतिक रूप से अहम

अविश्वास प्रस्ताव के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा, राशन वितरण और महतारी वंदन योजना जैसे मुद्दों पर होने वाली चर्चा के कारण विधानसभा का आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विपक्ष जहां सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं सरकार अपनी योजनाओं और उपलब्धियों का पक्ष सदन में रखेगी।

Also Read: MLA Shakuntala Porte Viral Video: ‘मेरा बस चले तो पूरा विधानसभा क्षेत्र को शराबमुक्त कर दूं’, क्या इस विधानसभा क्षेत्र में होगी शराबबंदी?

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button