
रायपुर: CG B.Ed, D.Ed Teacher Protest: छत्तीसगढ़ में 57,000 शिक्षक भर्ती को लेकर बेरोजगार युवाओं ने इस बार सरकार को याद दिलाने का तरीका कुछ अलग चुना है। आंदोलन की बजाय अब होगा ‘शादी समारोह’, जिसमें भर्ती को दूल्हा, और सरकार को ‘ससुराल पक्ष’ मान लिया गया है। प्रदर्शन में रंग भरने के लिए बाकायदा विवाह निमंत्रण पत्र भी छपवाया गया है, जो रायपुर की गलियों से लेकर सोशल मीडिया तक वायरल हो रहा है।
कौन है दूल्हा-दुल्हन? निमंत्रण पत्र पढ़ लीजिए…
इस अनोखे आमंत्रण पत्र में लिखा गया है:
वर: सुपुत्र श्री छत्तीसगढ़ भाजपा सरकार
वधू: सुपुत्री श्रीमती विधानसभा घोषणा पत्र
नव युगल: सौं. कां. 57,000 शिक्षक भर्तीस्थान: प्रदेश भाजपा कार्यालय, रायपुर
दर्शनार्थी: समस्त बेरोजगार बीएड-डीएड डिग्रीधारी युवा
ऐसा पढ़कर किसी को हंसी भी आती है, और चिंता भी। बेरोजगारों ने सरकार को व्यंग्य के सहारे आईना दिखाया है।
हर रस्म में छिपा है सरकार से सवाल
CG Unique wedding invitation: इस अनोखे ‘शिक्षक भर्ती विवाह’ प्रदर्शन की हर रस्म में बेरोजगार युवाओं ने सरकार पर तंज कसा है। माटीपूजा चुलमाटी में उन्होंने 2025 तक भर्ती पूरी होने के वादे को याद दिलाते हुए कहा कि माटीपूजन तो हो गया, लेकिन चूल्हा अब भी ठंडा है। देव पूजा देवतला में 33,000 पदों की भर्ती की बात पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पूजा हो रही है लेकिन भर्ती के भगवान अब तक प्रकट नहीं हुए हैं। चिकट हरदाही रस्म में चार इंजन वाली सरकार की योजना पर तंज कसते हुए बोले कि हरदाही की मिठास सिर्फ जुबान पर है, हकीकत में कड़वाहट ही मिली है। पाणिग्रहण और टिकावन में भर्ती प्रक्रिया को वित्त मंत्री की अनुमति और सरकार की मंशा पर अटका बताया गया, जहां टिकावन का टिकट तक नहीं मिल रहा। अंत में, बारात प्रस्थान की रस्म में बेरोजगारों ने कहा कि बारात तो तैयार है, लेकिन दूल्हा भर्ती अब तक लापता है।

प्रदर्शन में छिपा व्यंग्य, लेकिन दर्द भी
CG Teacher Recruitment Update: छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित शिक्षक संघ के बैनर तले हो रहे इस अनोखे प्रदर्शन का मकसद सरकार को उसके वादे याद दिलाना है। प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे हेमंत कुमार साहू ने कहा:
“हमने पढ़ाई की, परीक्षा पास की, लेकिन नौकरी अब भी सपना है। बारात निकल रही है लेकिन दूल्हा लापता है। ये वादा भी जुमला बनता जा रहा है।”
राजनीति गरम, जवाब में बयानबाज़ी
कांग्रेस का आरोप:
पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम बोले –
“भर्ती को लेकर सरकार ने जनता को धोखा दिया है। विधानसभा चुनाव में गारंटी दी, अब भूल गए।”
बीजेपी की सफाई:
पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने कहा –
“सरकार गारंटी निभा रही है। अभ्यर्थियों को धैर्य रखना चाहिए। भर्ती जरूर होगी, आंदोलन को मजाक न बनाएं।”
नतीजा क्या निकलेगा?
यह प्रदर्शन सिर्फ विरोध नहीं, एक रचनात्मक और व्यंग्यात्मक तरीका है सरकार को चेताने का। छत्तीसगढ़ के युवा यह जताना चाहते हैं कि अब वे सिर्फ वादे नहीं, नौकरी का रिजल्ट चाहते हैं। जब तक 57,000 शिक्षक भर्ती पूरी नहीं होती, यह ‘शादी’ अधूरी रहेगी।



