CG Best Waterfalls: स्वर्ग से सुंदर हैं छत्तीसगढ़ के ये वाटरफॉल्स, मानसून में घूमने के लिए सबसे बेहतरीन जगहें

CG Best Waterfalls: छत्तीसगढ़ अपनी धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। इसके अलावा यहाँ की प्राकृतिक छटा भी पर्यटकों को अपनी ओर खींचती है। अगर आप इस मानसूनी सीजन में कहीं बाहर घूमने का मन बना रहे हैं, तो छत्तीसगढ़ के जलप्रपात आपके लिए सबसे अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं। बारिश के दिनों में यहाँ के जंगलों और पहाड़ों के बीच से बहने वाले झरने काफी आकर्षक नजर आते हैं। आइए जानते हैं राज्य के उन खास वाटरफॉल्स के बारे में जहाँ आप अपनी छुट्टियों का पूरा आनंद ले सकते हैं।

प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर छत्तीसगढ़ के झरने

CG Tourism: छत्तीसगढ़ की भौगोलिक बनावट ऐसी है कि यहाँ आपको हर कदम पर कुदरत के अलग रंग देखने को मिलेंगे। मानसून की शुरुआत होते ही यहाँ के नदी-नाले और जलप्रपात पूरी रफ्तार से बहने लगते हैं। इन खूबसूरत नजारों को देखने के लिए हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग बस्तर और आस-पास के इलाकों का रुख करते हैं। यहाँ की शांत आबोहवा और हरी-भरी वादियां थकावट को पल भर में दूर कर देती हैं।

बिजकुडुम वाटरफॉल: घने जंगलों के बीच छिपा खजाना

Bijakudum Waterfall: बस्तर संभाग के कोंडागांव जिला मुख्यालय से लगभग 68 किलोमीटर और केशकाल से महज 10 किलोमीटर की दूरी पर बिजकुडुम जलप्रपात स्थित है। लिंगो दरहा मार्ग पर पड़ने वाला यह झरना ऊंचे पहाड़ों और घने जंगलों के बीच घिरा हुआ है। मानसून के समय जब पहाड़ों पर धुंध छा जाती है, तब इस वाटरफॉल की रंगत दोगुनी हो जाती है। शांति पसंद करने वाले लोगों के लिए यह एक मुफीद जगह है।

मेन्द्री घूमड़: शांत वादियों में बहती जलधारा

Mendri Ghumad Waterfall: बस्तर के जगदलपुर से करीब 44 किलोमीटर की दूरी पर मेन्द्री घूमड़ जलप्रपात मौजूद है। यह स्थान प्रसिद्ध चित्रकोट वाटरफॉल के काफी नजदीक पड़ता है। चारों तरफ फैली हरियाली के बीच से जब पानी नीचे गिरता है, तो इसकी आवाज दूर तक सुनाई देती है। मुख्य मार्ग के पास होने के चलते सैलानी आसानी से यहाँ तक पहुंच सकते हैं।

चित्रधारा झरना: पोतानार गांव का खास आकर्षण

Chitradhara Falls: जगदलपुर शहर से महज 18 किलोमीटर की दूरी पर पोतानार गांव में चित्रधारा वाटरफॉल स्थित है। चित्रकोट जाने वाले रास्ते के पास होने की वजह से पर्यटक यहाँ रुकना कभी नहीं भूलते। बारिश के दिनों में इस झरने का पानी काफी चौड़ाई में बहता है, जो देखने में बेहद मनमोहक लगता है। स्थानीय परिवारों के लिए यह एक लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट भी बन चुका है।

तामड़ा घुमर: बरसात में खिल उठती है यहाँ की रंगत

Tamra Ghumar Waterfall: तामड़ा घुमर जलप्रपात छत्तीसगढ़ के सबसे चर्चित पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। जगदलपुर से इसकी दूरी लगभग 45 किलोमीटर है। मानसून के दस्तक देते ही इस झरने के आस-पास का नजारा पूरी तरह बदल जाता है। ऊँचाई से गिरते पानी की फुहारें सैलानियों को एक अलग ही ताजगी का अहसास कराती हैं।

चित्रकोट जलप्रपात: भारत का नियाग्रा फॉल

Chitrakote Falls: बस्तर के जगदलपुर से 38 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी पर बनने वाला चित्रकोट जलप्रपात भारत का सबसे प्रसिद्ध झरना है। अपनी विशाल चौड़ाई और पानी के भारी बहाव के कारण इसे ‘भारत का नियाग्रा फॉल’ भी कहा जाता है। बारिश के मौसम में इसका रौद्र और भव्य रूप देखकर लोग दंग रह जाते हैं। यह छत्तीसगढ़ पर्यटन की मुख्य पहचान है।

तीरथगढ़ झरना: सीढ़ियों की तरह गिरता पानी

Tirathgarh Waterfall: जगदलपुर से करीब 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित तीरथगढ़ जलप्रपात अपनी अनोखी बनावट के लिए जाना जाता है। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित इस झरने का पानी पहाड़ों की चट्टानों से सीढ़ियों की तरह नीचे उतरता है। यहाँ की ठंडी हवाएं और चारों तरफ फैले घने पेड़ पर्यटकों को इस कदर बांध लेते हैं कि उनका यहाँ से वापस लौटने का मन नहीं करता।

Also Read: Jabarra Eco Tourism: धमतरी का जबर्रा: ईको टूरिज्म का अनोखा मॉडल, देश-विदेश से खिंचे चले आते हैं सैलानी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button