
रायपुर, 5 फरवरी 2025Congress manifesto 2025: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने आज अपना घोषणा पत्र जारी किया। इस घोषणा पत्र में पार्टी ने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा, स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को फ्री सैनिटरी पैड की सुविधा, और पत्रकारों के लिए सुविधाएं प्रदान करने का ऐलान किया है। इसके अलावा कांग्रेस ने कई विकासात्मक योजनाओं का भी उल्लेख किया है, जो नगर निगमों और अन्य निकायों के कार्यों में पारदर्शिता और नागरिकों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से बनाई गई हैं।
कांग्रेस के घोषणा पत्र की प्रमुख घोषणाएं
घोषणा | विवरण |
---|---|
महिला सुरक्षा | पुलिस कंट्रोल रूम के साथ सामंजस्य स्थापित कर सभी चौक-चौराहों और स्कूल-कॉलेज के पास सीसी कैमरा लगाए जाएंगे। |
चेजिंग रूम | महिलाओं के लिए घाटों और तालाबों में चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। |
महिलाओं के लिए वाणिज्यिक सुविधाएं | शहरी व्यापारिक क्षेत्रों में महिला प्रसाधन की व्यवस्था की जाएगी। |
सर्व-सुविधायुक्त ऑटो रिक्शा/ई-रिक्शा पार्किंग | पार्किंग और चार्जिंग की सुविधा प्रदान की जाएगी। |
श्रद्धांजलि राशि | बीपीएल कार्डधारकों को 2000 से बढ़ाकर 5000 रुपये श्रद्धांजलि राशि दी जाएगी। |
सफाई कर्मियों की पारदर्शिता | प्रत्येक वार्ड में सफाई कर्मियों की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाएगी। |
कन्या विवाह योजना | सभी निकाय क्षेत्रों में सामुदायिक भवन निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। |
शासकीय भूमि का वितरण | भूमिहीन व्यक्तियों को शासकीय भूमि पर अधिकार देने की पहल की जाएगी। |
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र | घर बैठे जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र की सुविधा प्रदान की जाएगी। |
कांग्रेस के घोषणा पत्र के अन्य महत्वपूर्ण बिंदु
- शिक्षा के क्षेत्र में सुधार: सभी सरकारी स्कूल और आत्मानंद स्कूलों में मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा, प्रत्येक निकाय क्षेत्र में छात्रों के लिए निःशुल्क और सर्व-सुविधायुक्त लाइब्रेरी खोली जाएगी।
- महिला कल्याण: स्कूली और महाविद्यालयीन छात्राओं को मुफ्त सेनेटरी पैड्स दिए जाएंगे।
- रोजगार और व्यवसाय: युवाओं के लिए ‘यूथ हब’ बनाया जाएगा, वहीं महिला स्वसहायता समूहों को रोजगार देने के लिए विशेष पहल की जाएगी।
- विकास कार्यों में पारदर्शिता: निकायों के अध्यक्षों को उनके पूर्ववर्ती अधिकार वापस दिए जाएंगे, और प्रत्येक भुगतान में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों के हस्ताक्षर होंगे।
- सार्वजनिक सुविधाएं: सार्वजनिक स्थलों पर मुफ्त वाई-फाई की सुविधा प्रदान की जाएगी।
कांग्रेस पार्टी ने यह भी घोषणा की है कि नगर निगमों में पत्रकारों के लिए हाईटेक रेस्ट रूम बनाए जाएंगे और वार्डों में सब्जी बाजारों की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही, नगरों को आवारा पशुओं से मुक्त करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
इस घोषणा पत्र के जरिए कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह शहरी क्षेत्र में महिला सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देगी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि निकाय चुनावों में इन घोषणाओं का कितना प्रभाव पड़ता है।