
रायपुर: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी 2025 (CG Dhan Kharidi 2025) से जुड़े लाखों किसानों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। कृषि विकास एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने एग्रीस्टैक पोर्टल (Agristack Portal) में फसल और रकबा पंजीयन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 15 दिसंबर 2025 कर दिया है। यह फैसला खास तौर पर उन किसानों को ध्यान में रखकर लिया गया है, जिन्हें पोर्टल की तकनीकी समस्याओं और लॉगिन में आने वाली दिक्कतों के कारण अपना पंजीयन पूरा करने में परेशानी हो रही थी।
तकनीकी खामियां बनीं चुनौती, मंत्री ने जताई नाराजगी
पंजीयन प्रक्रिया में लगातार आ रही शिकायतों पर कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने विभागीय अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि तकनीकी खामियों (Technical Glitches) के कारण किसी भी किसान को परेशान नहीं होना चाहिए। इसी दिशा में विभाग ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए, ताकि पंजीयन सुचारू रूप से हो सके।
कलेक्टरों और नोडल अधिकारियों को नए दिशा-निर्देश
मंत्रालय महानदी भवन से जारी पत्र के अनुसार, सभी कलेक्टरों, तहसीलदारों और नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि एग्रीस्टैक और एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन में आने वाली समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाए। समिति लॉगिन सुविधा को बेहतर करने पर जोर दिया गया है और यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कैरीफॉरवर्ड किसान, डूबान क्षेत्र के किसान और वन पट्टाधारी कृषक आसानी से पंजीयन करा सकें।
खसरा डेटा और वारिसान पंजीयन की प्रमुख दिक्कतें
पंजीयन में आ रही मुख्य दिक्कतों में खसरा डेटा त्रुटियां और वारिसान पंजीयन की समस्या शामिल थी। कई जिलों ने शिकायत की थी कि एकीकृत किसान पोर्टल पर किसानों के खसरों में फसल प्रविष्टि दिखाई नहीं दे रही थी और इसे सुधारने का विकल्प भी उपलब्ध नहीं था। इसी तरह, फौत किसानों के वारिसों (Heir Registration) के पंजीयन का विकल्प उपलब्ध न होने से भी बड़ी समस्या सामने आई थी।
समस्याओं के समाधान के लिए विभागों को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश
इन सभी तकनीकी चुनौतियों को दूर करने के लिए कृषि विभाग ने खाद्य, राजस्व, कृषि संचालनालय और एनआईसी सहित सभी संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। महाल ग्रामों के खसरा डेटा का एग्रीस्टैक पोर्टल पर न दिखना भी एक बड़ी चुनौती थी, जिसके समाधान के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा गया है।



