
रायपुर: CM Baiga Gunia Hadjod Scheme: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए एक नई पहल की है। सरकार ने ‘मुख्यमंत्री बैगा गुनिया हड़जोड़ सम्मान योजना वर्ष 2025’ की शुरुआत की है।
‘मुख्यमंत्री बैगा गुनिया हड़जोड़ सम्मान योजना’ हुई शुरू
इस योजना के तहत राज्य में रहने वाले अनुसूचित जनजाति के बैगा, गुनिया एवं हड़जोड़ के पात्र लोगों को हर साल ₹5,000 की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। आदिम जाति विकास विभाग ने इस योजना के संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है।
परंपरागत चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहन देना उद्देश्य
इस योजना को लागू करने का मुख्य उद्देश्य जनजातीय बाहुल्य ग्रामीण क्षेत्रों में परंपरागत रूप से वनौषधीय चिकित्सा करने वाले बैगा, गुनिया और हड़जोड़ लोगों के योगदान को मान्यता देना और उनकी चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहन देना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय गौरव दिवस (15 नवंबर) को पात्र लोगों को ₹5,000 की सम्मान सह-प्रोत्साहन निधि प्रदान करने की घोषणा की थी, जिसे अब अमलीजामा पहनाया गया है।
30 साल की सेवा या दो पीढ़ियों से ज्ञान रखने वाले होंगे पात्र
आदिम जाति विकास विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जनजाति समाजों में वनौषधीय चिकित्सा संबंधी अनुभव पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित होता है। अनुसूचित क्षेत्र के गाँवों में रहने वाले ऐसे बैगा, गुनिया और हड़जोड़ व्यक्ति जो विगत 3 वर्षों से इस सेवा कार्य में संलग्न हैं, उन्हें प्रतिवर्ष ₹5,000 की सम्मान राशि दी जाएगी। इसके लिए वे लोग पात्र होंगे जो कम से कम 30 साल से सेवा दे रहे हों या जिनके परिवार में कम से कम 2 पीढ़ियों से वनौषधि चिकित्सा का ज्ञान स्थानांतरित हुआ हो। पादप औषधि बोर्ड, आयुष विभाग या लघु वनोपज संघ जैसी पंजीकृत संस्थाओं से जुड़े लोगों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ग्राम स्तर पर किया जाएगा।
Also Read: महतारी वंदन योजना की किस्त नहीं आई? जानिए कैसे चेक करें अपना स्टेटस और पाएं 1000 रुपये



