CG Legislative Assembly Budget Session 2026 LIVE: छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का आज पहला दिन, राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू हुई कार्यवाही, विपक्ष ने घेराबंदी के लिए कसी कमर, देखिये सीधा प्रसारण

CG Assembly Budget Session 2026 LIVE: छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज यानी 23 फरवरी से प्रारंभ हो रहा है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से होगी जिसमें सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का खाका पेश किया जाएगा। सदन की कार्यवाही के पहले दिन दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। 20 मार्च तक चलने वाले इस सत्र में कुल 15 बैठकें निर्धारित हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सत्र काफी हंगामेदार रह सकता है क्योंकि विपक्षी दल धर्म स्वातंत्र्य विधेयक और राज्य की आर्थिक स्थिति जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सरकार को कटघरे में खड़ा करने की तैयारी कर चुके हैं।

24 फरवरी को वित्त मंत्री पेश करेंगे साय सरकार का तीसरा बजट

प्रदेश की वित्तीय दशा और दिशा तय करने वाला वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे सदन के पटल पर रखा जाएगा। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा पेश किया जाने वाला यह विष्णु देव साय सरकार का तीसरा बजट होगा। पिछले बजटों में जहां गरीब, युवा और किसानों पर ध्यान दिया गया था वहीं इस बार का बजट गुड गवर्नेंस, आधुनिक तकनीक और औद्योगिक विकास पर केंद्रित रहने की उम्मीद है। बजट पर सामान्य चर्चा 26 और 27 फरवरी को होगी जबकि 9 मार्च से लेकर 17 मार्च तक विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर गहन मंथन किया जाएगा।

देखिये लाइव-

रिकॉर्ड संख्या में सवाल और नए विधेयकों की तैयारी

सदन में इस बार जनता के मुद्दों की गूंज सुनाई देगी क्योंकि विधायकों ने रिकॉर्ड 2813 प्रश्न दर्ज कराए हैं। इनमें से 1437 तारांकित प्रश्न हैं जिनका मंत्रियों को सदन में सीधा जवाब देना होगा। इसके अलावा 61 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक जैसे दो महत्वपूर्ण बिल पेश होने की संभावना है। विपक्ष ने कानून व्यवस्था और जनहित के लंबित कार्यों पर सरकार को घेरने के लिए 112 याचिकाओं और शून्यकाल की सूचनाओं का सहारा लेने की रणनीति बनाई है। सत्र के अंत में 18 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा कर इसे पारित किया जाएगा जिससे विकास कार्यों के लिए राशि के आबंटन का रास्ता साफ होगा।

Also Read: PM ShramYogi Maandhan: श्रमिकों को बुढ़ापे का सहारा: हर महीने मिलेगी 3000 रुपये पेंशन, 15 मार्च तक कराएं प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button