
CG Legislative Assembly Monsoon Session LIVE: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज चौथा दिन कई अहम मुद्दों के साथ शुरू हो रहा है। सदन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), प्लास्टिक प्रतिबंध, उद्योगों को प्रोत्साहन देने वाले विधेयकों और अग्निशमन सेवा संशोधन विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है। सरकार जहां निवेश और विकास से जुड़े प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति के साथ सदन में उतर रहा है।
प्रश्नकाल में इन मंत्रियों से पूछे जाएंगे सवाल
विधानसभा की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी। इस दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल, रामविचार नेताम और ओपी चौधरी विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। विधायक शिक्षा, राजस्व, वित्त और अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर सरकार से जानकारी मांगेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल भी विभागीय प्रतिवेदन और दस्तावेज सदन के पटल पर रखेंगे।
ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस और औद्योगिक निवेश पर फोकस
आज सदन में छत्तीसगढ़ ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक को पारित किए जाने की संभावना है। सरकार का कहना है कि इस विधेयक से राज्य में निवेश प्रक्रिया आसान होगी और नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही उद्योग मंत्री औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन (संशोधन) अधिनियम भी पेश करेंगे, जिससे औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
PDS, प्लास्टिक बैन और खेल विश्वविद्यालय पर होगी चर्चा
विधानसभा में आज सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर भी सवाल उठेंगे। विधायक सुशांत शुक्ला राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को सदन में रखेंगे, जिसका जवाब खाद्य मंत्री दयालदास बघेल देंगे।
इसके अलावा वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर राज्य में बढ़ते सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अशासकीय संकल्प पेश करेंगे। वहीं विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ में एक समर्पित खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव रखेंगे, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।
63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, 8 याचिकाएं और अग्निशमन विधेयक
आज की कार्यवाही में कुल 63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव सदन में लाए जाएंगे। इन प्रस्तावों के माध्यम से विधायक विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे। इसके साथ ही आठ विधायक अपनी याचिकाएं भी प्रस्तुत करेंगे।
गृहमंत्री विजय शर्मा छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (संशोधन) विधेयक को सदन में पारित कराने का प्रस्ताव रखेंगे। सरकार का दावा है कि इस संशोधन से अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। राजनीतिक दृष्टि से मानसून सत्र का चौथा दिन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उद्योग, निवेश, खाद्य वितरण, पर्यावरण संरक्षण और खेल विकास जैसे मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।



