
रायपुर CG NHM Employee Protest Update : छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। स्वास्थ्य विभाग ने साफ निर्देश दिए हैं कि 16 सितंबर तक काम पर वापसी नहीं करने वाले कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया जाएगा और रिक्त पदों पर नई भर्ती की जाएगी।
16 सितंबर तक काम पर लौटने का अल्टीमेटम
सरकार ने सभी जिलों के सीएमएचओ को पत्र जारी कर कहा है कि हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को 16 सितंबर शाम तक ड्यूटी जॉइन करने का अवसर दिया जाए। इसके बाद भी जो कर्मचारी काम पर नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू होगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि बर्खास्तगी से पहले एक माह का नोटिस दिया जाएगा।
संघ ने जताया विरोध, आंदोलन की तैयारी
सरकार के आदेश के बाद एनएचएम कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया है। कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने इच्छामृत्यु की मांग उठाकर विरोध को और तेज करने की तैयारी की है।
16 हजार कर्मचारियों का भविष्य दांव पर
कर्मचारी संघ का कहना है कि यह आदेश सीधे तौर पर करीब 16 हजार कर्मचारियों को प्रभावित करेगा। उनका आरोप है कि सरकार बातचीत करने के बजाय दमनकारी रवैया अपना रही है। संघ ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग की है।
पहले भी हो चुकी है बर्खास्तगी
गौरतलब है कि इससे पहले भी सरकार ने 29 कर्मचारियों को बर्खास्त किया था। इसके विरोध में कर्मचारियों ने पूरे प्रदेश में सीएमएचओ कार्यालयों का घेराव किया था और सामूहिक इस्तीफे भी दिए थे। अब दोबारा बर्खास्तगी का आदेश जारी होने से टकराव और बढ़ने की आशंका है।
Also Read: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य व्यवस्था पर संकट! CGMSC की लापरवाही से मरीजों की जान खतरे में



