
CG Today Weather News: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई की प्रक्रिया के बीच मौसम का मिज़ाज तेजी से बदलने लगा है। बारिश थमते ही राज्यभर में कड़क धूप खिल रही है, जिससे लोगों को फिर से अक्टूबर की गर्मी और उमस का अहसास होने लगा है। बीते 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा और किसी भी जिले से भारी वर्षा की खबर नहीं आई है। तापमान में हुई इस बढ़ोतरी से दिन के समय लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म, प्रमुख शहरों का तापमान बढ़ा
CG Weather Update: बारिश की गतिविधियां थमते ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में पारा 33 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बीते 24 घंटों में राजनांदगांव जिला राज्य में सबसे गर्म दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं रायपुर में पारा 34.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो पेंड्रारोड में 33.8 डिग्री, बिलासपुर और माना एयरपोर्ट पर 33.6 डिग्री, दुर्ग में 33.5 डिग्री, जगदलपुर में 33.3 डिग्री और अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

रायपुर में तेज धूप से बेहाल लोग, साफ रहेगा आसमान
Raipur Weather Update Today: राजधानी रायपुर में वर्षा पर ब्रेक लगते ही तापमान लगातार ऊपर की ओर चढ़ रहा है। दिन के समय कड़क धूप निकलने से लोगों को तेज उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। दिन के साथ-साथ अब रातों में भी खास राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को शहर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इस दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

प्रदेश में दो द्रोणिकाएं सक्रिय, कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी संभव
Chhattisgarh Weather Today: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में मौसम को प्रभावित करने वाले दो सिनोप्टिक सिस्टम सक्रिय हैं। पश्चिम बंगाल से मध्य महाराष्ट्र तक झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा से होकर एक द्रोणिका गुजर रही है। इसके साथ ही उत्तर-मध्य बिहार से उत्तरी ओडिशा तक भी एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कुछ गिने-चुने इलाकों में हल्की बूंदाबांदी या स्थानीय स्तर पर बादल छाने की स्थिति बन सकती है।
दो दिनों के बाद हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना
CG Weather Update Today: मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों से भी दक्षिण-पश्चिम मानसून की पूरी तरह विदाई के लिए स्थितियां काफी अनुकूल बनी हुई हैं। हालांकि, मानसून के पूरी तरह चले जाने से पहले अगले दो दिनों बाद राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।



