
Ration Card Scam: छत्तीसगढ़ में गरीबों के हक पर हजारों आयकरदाता कुंडली मारकर बैठे थे। लाखों कमाने वाले इन लोगों की कारस्तानी अब राशन कार्ड के ई-केवाईसी कराने के दौरान सामने आ रही है। राज्य सरकार की ओर से गरीबी रेखा के नीचे (BPL) रहने वालों के लिए तय की गई आय सीमा का उल्लंघन करते हुए, आयकरदाता भी खुद को असहाय दिखाकर हर महीने गरीबों का राशन डकार रहे थे।
रायपुर में 10 हज़ार BPL राशन कार्ड रद्द, खातों में मिले ₹6 लाख से अधिक का लेन-देन
फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद रायपुर जिले में गरीबी रेखा के नीचे वाले (BPL) 9,422 राशन कार्ड धारकों के नाम काटे गए हैं। जांच में खुलासा हुआ कि इन बीपीएल कार्ड धारकों के अकाउंट में हर साल ₹6 लाख रुपए से अधिक की राशि का लेन-देन हो रहा था, जो उनकी पात्रता की सीमा से कहीं ज्यादा है। खाद्य विभाग ने पात्रता जांच में गड़बड़ी पाए जाने के बाद इन सभी के राशन कार्ड रद्द कर दिए हैं।
फर्जी दस्तावेज़ों से बने थे 62 हज़ार से ज़्यादा BPL कार्ड, होगी रिकवरी
प्रदेशभर में आयकर दाता होने के बावजूद 62,813 लोगों ने फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर गरीबी रेखा के नीचे वाले (BPL) कार्ड बनवा रखे थे, जबकि वे एपीएल राशन कार्ड के पात्र थे। रायपुर जिले में ही ऐसे 10,361 लोग शामिल थे, जिनके कार्ड निरस्त कर दिए गए हैं। खाद्य विभाग इन अपात्र लोगों से राशन की रिकवरी करने की तैयारी में है और उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
मृतकों के नाम से भी उठ रहा था राशन, विभाग ने की कार्रवाई
आयकरदाताओं के फर्जीवाड़े से पहले, खाद्य विभाग ने एक बड़ी अनियमितता पर भी कार्रवाई की थी। यह खुलासा हुआ था कि एक लाख मृतकों के नाम से भी उनके परिजन हर माह राशन उठा रहे थे। विभाग ने इस पर भी कार्रवाई की और अब अपात्रों पर दोहरी मार पड़ रही है। इस स्कैम ने सरकारी राशन वितरण प्रणाली में व्यापक विसंगतियों को उजागर किया है।
राज्य के प्रमुख जिलों में संदिग्ध आयकर दाता कार्ड धारकों की संख्या
रायपुर खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि ₹6 लाख रुपए से अधिक के लेन-देन वाले राशनकार्ड धारकों के नाम सूची से हटाए गए हैं। प्रदेशभर में संदिग्ध आयकर दाता राशन कार्ड धारकों की संख्या 62,813 है। रायपुर में ऐसे 2,102 संदिग्धों के कुल 10,361 कार्ड निरस्त हुए हैं। दुर्ग में 2,310 संदिग्धों के 6,339 कार्ड, बिलासपुर में 856 संदिग्धों के 6,074 कार्ड, सरगुजा में 309 के 2,586 और बस्तर में 196 संदिग्धों के 1,185 कार्ड शामिल हैं।
Also Read: छत्तीसगढ़ में अब 200 यूनिट तक ‘बिजली-बिल हाफ’, 42 लाख उपभोक्ताओं को बड़ी राहत



