
CG School Summer Holiday: छत्तीसगढ़ में तपती गर्मी ने आखिरकार सरकार को झुका दिया। स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लेते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश की तारीखों में बदलाव कर दिया है। अब प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त और गैर अनुदान प्राप्त स्कूलों में 25 अप्रैल से 15 जून तक छुट्टी रहेगी। पहले ये अवकाश 1 मई से शुरू होना था।
इस संशोधित आदेश से सबसे ज्यादा राहत छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों को मिली है, जो लगातार तेज गर्मी में स्कूल भेजने को लेकर चिंतित थे।
शिक्षकों को नहीं मिलेगी छुट्टी, आदेश सिर्फ विद्यार्थियों के लिए
गौर करने वाली बात ये है कि ये आदेश सिर्फ विद्यार्थियों के लिए है। शिक्षकों को फिलहाल छुट्टी नहीं दी गई है। विभाग ने साफ किया है कि शिक्षकों पर यह आदेश लागू नहीं होगा और विभागीय समसंख्यक आदेश की बाकी शर्तें पहले जैसी ही रहेंगी।
गर्मी ने किया बेहाल, 43 डिग्री तक पहुंचा पारा
छत्तीसगढ़ में इस समय गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। दोपहर में सड़कें सुनसान हो जाती हैं और गर्म हवाएं आम लोगों का जीना मुश्किल कर रही हैं। ऐसे में बच्चों को स्कूल भेजना किसी चुनौती से कम नहीं था।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन और सांसद ने की थी मांग
छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने सबसे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर अवकाश की मांग की थी। इसके बाद रायपुर से सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखते हुए तत्काल प्रभाव से छुट्टियों की घोषणा की अपील की थी।
उन्होंने पत्र में लिखा था कि, “छत्तीसगढ़ में तापमान लगातार बढ़ रहा है, सड़कों पर गर्म हवाओं का असर बुजुर्गों तक को झेलना पड़ रहा है। छोटे-छोटे बच्चे भी इससे अछूते नहीं हैं और उन्हें गर्मी में स्कूल जाना पड़ रहा है।”
छात्र-पालकों को मिला सुकून
इस फैसले के बाद बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता और स्कूल संचालकों ने भी राहत की सांस ली है। अप्रैल के आखिरी दिनों में पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी को देखते हुए यह कदम बच्चों की सेहत और सुरक्षा की दिशा में जरूरी था।




