
रायपुर: CG Teacher Recruitment: छत्तीसगढ़ में व्यावसायिक शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार या लेन-देन सामने आने पर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
मंत्रालय में समीक्षा बैठक
मंत्री यादव ने मंत्रालय में समग्र शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में शैक्षणिक योजनाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों की प्रगति पर चर्चा की गई। उन्होंने सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों में वृद्धि और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिक्षक भर्ती पर उठाए सवाल
बैठक के दौरान व्यावसायिक शिक्षकों की भर्ती को लेकर सबसे अधिक शिकायतें सामने आईं। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताई और कहा कि किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने गड़बड़ी की जांच पुलिस से कराने के निर्देश भी दिए।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
मंत्री यादव ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। छात्रों को दी जाने वाली किताबें, ड्रेस या अन्य सामग्रियां उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि घटिया सामान देने वाले आपूर्तिकर्ताओं को ब्लैकलिस्ट किया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
मंत्री ने छात्रावासों, कन्या छात्रावासों और पोटा केबिनों में सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पाकेला (छिंदगढ़ विकासखंड) के पोटा केबिन में हाल ही में भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं शासन की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।



