
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून की सक्रियता बढ़ गई है। प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में जोरदार बारिश दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर अब सीधे छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से राज्य में अगस्त के अंत तक बारिश का सिलसिला बने रहने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में बना नया मौसमी सिस्टम
CG Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती घेरा समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा और उससे सटे पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ रहा है। साथ ही एक द्रोणिका रेखा झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है, जिससे राज्य में बड़े पैमाने पर नमी आ रही है।

राजधानी रायपुर में छाएंगे बादल और होगी बौछारें
Today Raipur Weather Update: राजधानी रायपुर में 24 अगस्त को दिन भर आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली है।
जनकपुर में 11 सेमी बारिश, कई इलाकों में बदला मौसम
CG Today Weather News: बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के जनकपुर से सटे कोटाडोल में सबसे ज्यादा 11 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा बलरामपुर के रामचंद्रपुर, बस्तर के तोकापाल और करपावंड में 8-8 सेमी पानी बरसा। वहीं छुरा में 7 सेमी और सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल व बस्तर में 6-6 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इन 21 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
- दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़: सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद।
- उत्तरी और मैदानी क्षेत्र: बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया।
इन सभी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का जोखिम बना हुआ है।

25 से अधिक जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी
CG Heavy Rain Update: प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
अगस्त के अंत तक सामान्य के करीब पहुंचेगा बारिश का आंकड़ा
CG Heavy Rain Warning Today: राज्य में चालू मानसून सीजन के दौरान अब तक की कुल बारिश का आंकड़ा सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। हालांकि आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार कुल औसत बारिश में फिलहाल 7 प्रतिशत की मामूली कमी दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रहे नए मौसमी सिस्टम के चलते अगस्त के आखिरी सप्ताह तक इस कमी की भरपाई होने की उम्मीद है।



