CG Top 10 News Today: रायपुर पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप; होली पर मेकाहारा में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा; बिलासपुर में फर्जी क्राइम ब्रांच बन किसानों से ठगी; शराब घोटाले में अनिल टुटेजा–अनवर ढेबर को जमानत; गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में होली मिलन के दौरान मारपीट; इंडिया स्किल्स में छत्तीसगढ़ के 12 पदक; रायपुर के व्यस्त मार्गों पर दो माह तक प्रदर्शन पर रोक; 2700 विद्युत कर्मचारियों को मिलेगा 3 करोड़ का कवरेज; दुबई में फंसे बिलासपुर के तीन युवक और होली पर 3000 जवानों व ड्रोन से सख्त निगरानी समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
रायपुर पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
राजधानी रायपुर के सिविल लाइन इलाके में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को एक अज्ञात ईमेल के जरिए उड़ाने की धमकी मिली है। इस ईमेल में दावा किया गया है कि कार्यालय परिसर में 12 बम रखे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें बारीकी से जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह मेल तमिलनाडु से भेजा गया है। हालांकि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, फिर भी पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।
होली पर मेकाहारा में 24 घंटे मिलेगी इमरजेंसी सेवा
होली के त्योहार को देखते हुए रायपुर के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) के प्रबंधन ने खास तैयारी की है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने निर्देश दिए हैं कि 4 मार्च को छुट्टी के दिन ओपीडी बंद रहेगी, लेकिन इमरजेंसी सेवाएं और कैजुअल्टी विभाग 24 घंटे खुले रहेंगे। किसी भी हादसे या आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को अलर्ट पर रखा गया है। वार्डों में जरूरी दवाओं का स्टॉक भी पूरा कर लिया गया है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को डीकेएस अस्पताल भेजने के लिए एम्बुलेंस की सुविधा भी तैयार रहेगी।
बिलासपुर में फर्जी क्राइम ब्रांच अफसर बनकर किसानों से ठगी
बिलासपुर के कोटा इलाके में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों ने खुद को क्राइम ब्रांच का जवान बताकर एक ग्रामीण और एक किसान को डराया। उन्होंने उन पर नशीला सामान बेचने का झूठा आरोप लगाया और केस रफा-दफा करने के बदले 54 हजार रुपये वसूल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक पहले पुलिस की गाड़ी चलाता था, जिसके कारण उसे इलाके के लोगों की जानकारी थी। पुलिस अब उनसे कड़ी पूछताछ कर रही है।
शराब घोटाला: अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर को मिली जमानत
बिलासपुर हाईकोर्ट ने बहुचर्चित आबकारी घोटाले के मामले में पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा और कारोबारी अनवर ढेबर सहित पांच आरोपियों को जमानत दे दी है। जस्टिस अरविंद वर्मा की बेंच ने यह फैसला सुनाया। हालांकि, जमानत मिलने के बाद भी टुटेजा और ढेबर अभी जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे, क्योंकि उन पर 550 करोड़ रुपये के डीएमएफ घोटाले का केस भी चल रहा है। इस मामले में अन्य तीन आरोपी नितेश पुरोहित, दीपेंद्र चावला और यश पुरोहित जेल से रिहा हो सकेंगे। ईडी ने इस सिंडिकेट पर 3200 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया था।
बिलासपुर यूनिवर्सिटी में होली मिलन के दौरान मारपीट
गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित एक होली मिलन कार्यक्रम में छात्रों के बीच जमकर विवाद हो गया। ऑडिटोरियम के पास चल रहे इस आयोजन में नशे की हालत में कुछ छात्र आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर लात-घुंसे चले। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले भी कैंपस में ऐसा ही विवाद हुआ था। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रबंधन की लापरवाही और सुरक्षा की कमी के कारण बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
इंडिया स्किल्स में छत्तीसगढ़ का जलवा, जीते 12 पदक
भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘इंडिया स्किल 2025-26’ प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। ईस्ट जोन की इस स्पर्धा में राज्य के प्रतिभागियों ने 12 मेडल और 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस अपने नाम किए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए युवाओं को बधाई दी है। अब ये विजेता राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे और वहां सफल होने पर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की ओर से खेलने का मौका मिलेगा।
रायपुर के व्यस्त मार्गों पर दो महीने तक प्रदर्शन पर रोक
शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर ने एक बड़ा फैसला लिया है। जीई रोड, मालवीय रोड, सदर बाजार और एमजी रोड जैसे व्यस्त इलाकों में अब किसी भी तरह की रैली, जुलूस या प्रदर्शन पर दो महीने के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह रोक रोजाना सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक लागू रहेगी। प्रशासन का कहना है कि इन रास्तों पर प्रदर्शनों की वजह से एम्बुलेंस और स्कूल बसों को घंटों जाम में फंसना पड़ता था, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
2700 बिजली कर्मचारियों को मिलेगा करोड़ों का सुरक्षा कवच और बैंकिंग लाभ
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी ने अपने नियमित अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं और वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ एक महत्वपूर्ण अनुबंध (MoU) किया है। इस समझौते के तहत जनरेशन कंपनी के मुख्यालय सहित हसदेव, मुखर्जी और एसी ताप विद्युत गृहों में कार्यरत लगभग 2700 कर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा। अनुबंध के अनुसार, कर्मचारियों को 12 लाख रुपये तक का सामान्य बीमा कवर और दुर्घटना या विमान दुर्घटना की स्थिति में 1 से 2 करोड़ रुपये तक का विशाल कवरेज प्राप्त होगा। इसके अलावा, कर्मियों को न्यूनतम ब्याज दर पर ऋण सुविधा, लॉकर रेंट में छूट और आकर्षक डेबिट-क्रेडिट कार्ड ऑफर्स का लाभ उठाने के लिए इस बैंक में अपना सैलरी खाता खुलवाना होगा। इस अवसर पर जनरेशन कंपनी के एमडी एस.के. कटियार और बैंक अधिकारियों की उपस्थिति में इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
युद्ध के चलते दुबई में फंसे छत्तीसगढ़ के तीन युवक
ईरान और इजराइल के बीच चल रहे तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ने लगा है। इसकी वजह से बिलासपुर के कोटा निवासी तीन युवक दुबई में फंस गए हैं। शिवम मिश्रा और उनके दो दोस्त घूमने के लिए दुबई गए थे, लेकिन उनकी वापसी की उड़ानें दो बार रद्द हो चुकी हैं। फिलहाल वे वहां सुरक्षित हैं लेकिन बार-बार फ्लाइट कैंसिल होने से वे परेशान हैं और उनके परिजन घर पर उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। अब उन्हें 5 मार्च की नई टिकट मिली है।
होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं, ड्रोन से होगी निगरानी
कल मनाए जाने वाले होली के त्योहार को लेकर रायपुर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। शहर की सड़कों पर 3000 से ज्यादा जवानों की तैनाती की जा रही है। इस बार पुलिस केवल सड़कों पर ही नहीं बल्कि आसमान से भी हुड़दंगियों पर नजर रखेगी। घनी बस्तियों और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों और एक बाइक पर तीन सवारी बैठने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
Also Read: होली पर सफेद कपड़ों का महत्व: जानिए गहरे धार्मिक और वैज्ञानिक कारणों से जुड़ी बात



