CG Top 10 News Today:तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी, वन सचिव से अभद्रता,सफाई कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा ,रायपुर के ट्रैफिक जाम पर सख्ती,शराब घोटाला, चैतन्य बघेल की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली, रायपुर में बनेगा देश का सबसे बड़ा ICAI भवन , बलौदाबाजार से रायपुर जा रही बस में आग,अमित शाह के बयान पर कांग्रेस का तीखा विरोध,सहायक शिक्षक भर्ती 2023,10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा शुल्क बढ़ा,समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी, कारोबारी को थमाए गए नकली नोट
रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में तंत्र-मंत्र से रकम सौ गुना करने का झांसा देकर जमीन कारोबारी से साढ़े तीन लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने असली नोट लेकर नकली चिल्ड्रन नोटों से भरा बैग थमा दिया और फरार हो गए। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को शहर छोड़ने से पहले गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस ठगी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
वन सचिव से अभद्रता, मनेंद्रगढ़ के DFO मनीष कश्यप निलंबित
केंद्र सरकार की बैठक से जुड़ी जानकारी मांगने पर वन सचिव से फोन पर बदसलूकी करने के आरोप में मनेंद्रगढ़ के डीएफओ मनीष कश्यप को निलंबित कर दिया गया है। मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद यह कार्रवाई हुई। इससे पहले भी कश्यप को सूरजपुर में डीएफओ रहते निलंबन झेलना पड़ा था।
सफाई कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा, 9 योजनाओं से जोड़े जाएंगे
उपमुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई कर्मियों का श्रम विभाग में पंजीयन किया जाएगा। इससे उन्हें ईएसआईसी, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सहायता जैसी नौ योजनाओं का लाभ मिलेगा। पंजीयन श्रमेव जयते पोर्टल और मोबाइल ऐप के जरिए होगा।
रायपुर के ट्रैफिक जाम पर सख्ती, संयुक्त कार्रवाई शुरू
शाम के समय लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए रायपुर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने यातायात पुलिस, NHAI और PWD के साथ संयुक्त योजना बनाई है। GE रोड, MG रोड और मालवीय रोड पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ रोजाना कार्रवाई होगी। लेन मार्किंग और सिग्नल टाइमिंग में भी सुधार किया जाएगा।
शराब घोटाला, चैतन्य बघेल की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली
कथित शराब घोटाले में चैतन्य बघेल को मिली जमानत के खिलाफ राज्य सरकार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में अगले सप्ताह सुनवाई होगी। सरकार ने उन्हें प्रमुख आरोपी बताया है, जबकि ईडी ने भी अलग से जमानत को चुनौती दी है। एजेंसी का दावा है कि घोटाले में करीब एक हजार करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ।
रायपुर में बनेगा देश का सबसे बड़ा ICAI भवन
ICAI की रायपुर शाखा को देश की सबसे बड़ी जमीन पर नया भवन मिलने जा रहा है। 15 महीने में बनने वाले इस लर्निंग सेंटर में AI लैब और स्टार्टअप इन्क्यूबेशन जैसी सुविधाएं होंगी। शिलान्यास ICAI अध्यक्ष सीए चरणजोत सिंह नंदा ने किया।
बलौदाबाजार से रायपुर जा रही बस में आग, 50 यात्री सुरक्षित
बलौदाबाजार से रायपुर जा रही बस में भैंसा गांव के पास अचानक आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जल गई। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है।
अमित शाह के बयान पर कांग्रेस का तीखा विरोध
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नक्सलवाद संबंधी बयान पर कांग्रेस ने कड़ा एतराज जताया है। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे झीरम घाटी के शहीदों का अपमान बताया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भूपेश सरकार के कार्यकाल में नक्सल घटनाओं में कमी आई थी।
सहायक शिक्षक भर्ती 2023, 1600 पदों को लेकर आमरण अनशन
1600 आदिवासी पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थी 24 सितंबर से आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद नियुक्ति नहीं की जा रही। अब तक 200 से अधिक अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने की सूचना है।
10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा शुल्क बढ़ा, 2026-27 से लागू
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पांच साल बाद बोर्ड परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी की है। नियमित छात्रों को अब 800 रुपये देने होंगे, जो पहले 460 रुपये थे। स्वाध्यायी और राज्य के बाहर के छात्रों पर भी शुल्क का बोझ बढ़ेगा।
Also Read: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर सियासी बयानबाजी तेज अमित शाह ने भूपेश सरकार को बताया नक्सलियों का संरक्षक, कांग्रेस बोली- चार साल पहले आप ही कर चुके हैं तारीफ



