CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें डेढ़ करोड़ के LPG घोटाले में भाजपा नेता पंकज चंद्राकर हिरासत में, NTPC कोयला मामले में CBI जांच तेज, रायपुर-बिलासपुर में इंजीनियरों के तबादले, कमार समाज ने आवास के लिए लगाई गुहार, RTE दाखिले पर हाईकोर्ट सख्त, रायपुर में महिला इंटरनेशनल क्रिकेट मैच समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
डेढ़ करोड़ के LPG घोटाले में भाजपा नेता पंकज चंद्राकर हिरासत में
महासमुंद में सामने आए करीब डेढ़ करोड़ रुपए के एलपीजी घोटाले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के दौरान गौरव गैस एजेंसी संचालक और भाजपा नेता पंकज चंद्राकर को हिरासत में लिया गया है। पंकज चंद्राकर पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर के दामाद बताए जा रहे हैं। मामले में प्लांट मैनेजर निखिल वैष्णव, खाद्य अधिकारी अजय यादव और सहायक खाद्य अधिकारी मनीष यादव को भी पुलिस ने पकड़ा है।पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मार्च के अंतिम सप्ताह से 6 अप्रैल 2026 के बीच सुनियोजित तरीके से छह गैस कैप्सूलों से एलपीजी निकाली गई। आरोप है कि इन कैप्सूलों को अभनपुर स्थित ठाकुर पेट्रोकेमिकल भेजा गया, जहां से गैस अलग-अलग टैंकरों में भरकर बाजार में बेची गई।
रायपुर-बिलासपुर समेत कई शहरों में इंजीनियरों के तबादले
छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राज्यभर में इंजीनियरों का बड़ा तबादला आदेश जारी किया है। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत कई कार्यपालन अभियंताओं और सहायक अभियंताओं को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, धमतरी, जगदलपुर, कवर्धा और चांपा समेत कई नगरीय निकाय इससे प्रभावित हुए हैं। विभाग के मुताबिक शहरी विकास परियोजनाओं में तेजी लाने और प्रशासनिक कामकाज को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है। आदेश जारी होने के बाद नगरीय निकायों में नई पदस्थापनाओं को लेकर हलचल बढ़ गई है।
NTPC लारा कोयला घोटाले में CBI जांच तेज
रायगढ़ जिले के चर्चित NTPC लारा कोयला परिवहन मामले में अब CBI ने जांच तेज कर दी है। शुरुआती जांच में करीब 575 ट्रेलर कोयला गायब होने की बात सामने आई है। CBI ने कई ट्रांसपोर्टरों और संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है। एजेंसी अब कोयला डिस्पैच रिकॉर्ड, ट्रेलर मूवमेंट और वजन पर्चियों की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक करोड़ों रुपए के घोटाले की आशंका है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में कुछ बड़े अधिकारियों और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्रवाई हो सकती है।
आवास की मांग को लेकर अधिकारियों के सामने दंडवत हुए कमार समाज के लोग
गरियाबंद जिले के देवभोग विकासखंड में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान एक भावुक तस्वीर सामने आई। विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समाज के लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने पर अधिकारियों के सामने दंडवत होकर गुहार लगाई। बरही गांव से पहुंचे परिवारों ने बताया कि वर्षों से आवेदन देने के बावजूद उन्हें पक्का मकान नहीं मिला। मजबूरी में अब भी कच्चे घरों में रहना पड़ रहा है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ के सामने महिलाओं और बुजुर्गों ने जमीन पर लेटकर मदद मांगी। इस घटना ने सरकारी योजनाओं के जमीनी हालात पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रायपुर-दुर्ग में बिना अनुमति नहीं बसेंगी कॉलोनियां
रायपुर, नवा रायपुर, दुर्ग और भिलाई के आसपास तेजी से फैल रही अवैध कॉलोनियों पर रोक लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। सरकार स्टेट कैपिटल रीजन यानी SCR का नया मॉडल लागू करने जा रही है। नई व्यवस्था के तहत बिना डायवर्सन और मंजूर लेआउट के कॉलोनी विकसित नहीं की जा सकेगी। डेवलपर्स को सड़क, पानी, ड्रेनेज और पार्किंग जैसी मूल सुविधाएं पहले तैयार करनी होंगी। सरकार डिजिटल मैपिंग और ऑनलाइन लैंड रिकॉर्ड सिस्टम भी लागू कर रही है। इससे अवैध प्लॉटिंग और निर्माण की निगरानी आसान होगी।
RTE दाखिले की धीमी प्रक्रिया पर हाईकोर्ट नाराज
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम यानी RTE के तहत दाखिलों की धीमी प्रक्रिया पर राज्य सरकार को फटकार लगाई है। सुनवाई के दौरान सरकार ने बताया कि प्रदेश के 387 स्कूलों में एक भी आवेदन नहीं आया है। वहीं 366 स्कूलों में सीटों की तुलना में बहुत कम आवेदन मिले हैं। कोर्ट ने सवाल उठाया कि क्या गरीब बच्चे बड़े निजी स्कूलों में पढ़ना नहीं चाहते या फिर सरकार सही जानकारी छिपा रही है। अदालत ने पूरी प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन सार्वजनिक करने के निर्देश दिए हैं।
रायपुर में पहली बार महिला इंटरनेशनल क्रिकेट मैच
राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में पहली बार महिला इंटरनेशनल क्रिकेट मुकाबले खेले जाएंगे। BCCI के जारी कार्यक्रम के अनुसार भारतीय महिला क्रिकेट टीम अक्टूबर में जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ तीन टी-20 मुकाबले रायपुर में खेलेगी। वहीं तीन वनडे मैच वडोदरा में होंगे। यह जिम्बाब्वे महिला टीम का पहला भारत दौरा होगा। इससे पहले दोनों टीमों के बीच मुकाबले सिर्फ ICC टूर्नामेंट में हुए हैं।
वन विभाग की कार्रवाई पर गरमाई राजनीति
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जनक राम ध्रुव प्रभावित परिवारों से मिलने पंडरीपानी गांव पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि सागौन कटाई रोकने में विफल रहने के बाद अब विभाग गरीब आदिवासी परिवारों के घर तोड़ रहा है। ध्रुव ने दावा किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को राहत नहीं मिली तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।
निलंबित होमगार्ड जवान ने बैरक में लगाई फांसी
कबीरधाम जिले के छिरहा स्थित होमगार्ड कार्यालय परिसर में शनिवार को एक जवान का शव बाथरूम में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान नगर सैनिक विनोद मेरावी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह लंबे समय से नशे की लत से परेशान था और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के कारण हाल ही में निलंबित किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बस्तर की हर्बल कॉफी को मिलेगी नई पहचान
दंतेवाड़ा के युवा उद्यमी विशाल हालदार ने बस्तर के स्थानीय संसाधनों से कैफीन मुक्त हर्बल कॉफी तैयार की है। खास बात यह है कि यह कॉफी छिंद के बीजों से बनाई गई है, जिन्हें पहले बेकार समझा जाता था। विशाल ने करीब दो साल तक रिसर्च के बाद यह उत्पाद तैयार किया। इस हर्बल कॉफी में एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं और इसमें कैफीन नहीं है। उनके इस नवाचार को इनोवेशन महाकुंभ में पहला स्थान मिला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी उन्हें सम्मानित किया है।



