CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें सुकमा में 22 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, जशपुर में बाइबल बांटने पर शिक्षक निलंबित, गुढ़ियारी में अवैध पिस्टल बरामद, बिलासपुर की नर्मदा ड्रिंक्स पर आयकर छापा, जिला सहकारी बैंक वेतन वृद्धि मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, एकलव्य स्कूल भर्ती में अतिथि शिक्षकों को अनुभव का लाभ, गोल बाजार में बिना अनुमति डीजे पर कार्रवाई, अल्पसंख्यक सुरक्षा पर कांग्रेस-भाजपा में बयानबाजी, बिलासपुर में 80 हजार लेकर नाबालिग को छोड़ने के आरोप में पुलिसकर्मी सस्पेंड, सरगुजा में 50 करोड़ के विकास कार्य मंजूर और रायगढ़ में खैर लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़ समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
सुकमा में 22 नक्सलियों ने किया सरेंडर
सुकमा जिले में चल रहे अभियान के बीच 22 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सभी को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि लगातार दबाव के कारण कई नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं।
जशपुर में बाइबल बांटने वाले शिक्षक निलंबित
जशपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में छात्रों को बाइबल बांटने और ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में व्याख्याता दीपक तिग्गा को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि वे बिना सूचना अनुपस्थित रहते थे और शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहा था। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय तय किया गया है।
रायपुर में अवैध पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार
गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को पिस्टल और खाली मैगजीन के साथ पकड़ा है। आरोपी की पहचान सिद्धार्थ शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह हथियार लेकर घूम रहा है। वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब हथियार के स्रोत की जांच कर रही है।
बिलासपुर में नर्मदा ड्रिंक्स पर आयकर की कार्रवाई
बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित नर्मदा ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड में आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी। यह फैक्ट्री कोका कोला के उत्पाद बनाती है। अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से जुड़े मामलों को लेकर की गई है।
वेतन वृद्धि विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचा
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के कर्मचारियों की वेतन वृद्धि के मुद्दे पर राज्य सरकार ने हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। हाई कोर्ट ने कर्मचारियों के पक्ष में आदेश दिया था। अब सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों की सुनवाई हो चुकी है और अगली तारीख 20 फरवरी तय की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि कई साल से वेतन वृद्धि रोकी गई है, जबकि बैंक लाभ में चल रहा है।
अतिथि शिक्षकों को अनुभव का लाभ देने का निर्देश
हाई कोर्ट ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में भर्ती प्रक्रिया को लेकर अहम आदेश दिया है। अदालत ने कहा है कि लंबे समय से कार्यरत अतिथि शिक्षकों की पूर्व सेवा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। भर्ती के दौरान उन्हें अनुभव के आधार पर अंक दिए जाएं और पात्र होने पर नियुक्ति पर विचार किया जाए।
बिना अनुमति डीजे चलाने पर कार्रवाई
रायपुर के गोल बाजार थाना क्षेत्र में बिना अनुमति डीजे चलाने पर पुलिस ने वाहन और उपकरण जब्त किए हैं। पहले ही आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि बिना अनुमति साउंड सिस्टम का उपयोग न करें। परीक्षा अवधि को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बरतने की बात कही है।
अल्पसंख्यक सुरक्षा पर सियासी बयानबाजी
कांग्रेस नेता डॉ. अमीनुल खान सूरी ने राज्य में अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ घटनाओं में प्रशासन गंभीर नहीं दिख रहा है। वहीं भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार सभी समुदायों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
बिलासपुर में रिश्वत लेकर नाबालिग को छोड़ने का आरोप
बिलासपुर में 500 ग्राम गांजा के साथ पकड़े गए एक नाबालिग को कथित रूप से 80 हजार रुपये लेकर छोड़ने का मामला सामने आया है। इस आरोप में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है और थाना प्रभारी को नोटिस जारी हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना न देना नियमों का उल्लंघन माना गया है। मामले की जांच जारी है।
सरगुजा में 50 करोड़ के विकास कार्य मंजूर, रायगढ़ में खैर लकड़ी जब्त
कोरिया जिले के बैकुंठपुर में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए 50 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई। 543 विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। मुख्यमंत्री ने पेयजल, बिजली और किसानों की समस्याओं पर ध्यान देने के निर्देश दिए। वहीं रायगढ़ जिले में खैर लकड़ी की अवैध तस्करी का खुलासा हुआ है। वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर लाखों रुपये की लकड़ी जब्त की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की जांच जारी है।



