CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें  CGPSC प्रोफेसर भर्ती में विशेषज्ञ समिति से पारदर्शिता की पहल, IGKV के 182 वैज्ञानिक हड़ताल पर, सरगुजा का अदाणी विद्या मंदिर बना ग्रीन स्कूल, VSK ऐप पर हाईकोर्ट की रोक, 260 लैब तकनीशियनों को पोस्टिंग, रायपुर CMHO दफ्तर में डीजल और टाइपिंग बिल गड़बड़ी के आरोप, उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की जांच, डिजिटल अरेस्ट से 17.15 लाख की ठगी, बलरामपुर में आदिवासी किसान की मौत पर सियासत और जशपुर में गौवंश तस्करी का मामला समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

CGPSC प्रोफेसर भर्ती 2021: चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए विशेषज्ञ समिति गठित

रायपुर में प्राध्यापक भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने अहम कदम उठाया है। प्राध्यापक (उच्च शिक्षा) परीक्षा 2021 के तहत 595 रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। अब अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेजों की गहन जांच के लिए विषय विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय समिति बनाई गई है। दरअसल, 11 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने 35 अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता की विस्तार से जांच कराने का अनुरोध किया था। 4 दिसंबर 2025 की बैठक में यह तय किया गया था कि उत्कृष्ट प्राध्यापक पद के लिए आवेदन करने वाले इन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का विशेषज्ञ स्तर पर परीक्षण जरूरी है। मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश के अनुसार चयन प्रक्रिया यूजीसी विनियम 2018 के अनुरूप आगे बढ़ाई जा रही है। विज्ञापन की कंडिका 6 (2) (iv) (ख) के तहत अलग-अलग विषयों के अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की बारीकी से जांच की जाएगी। समिति में देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ प्रोफेसरों को शामिल किया गया है। परीक्षण के बाद योग्य अभ्यर्थियों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

IGKV के वैज्ञानिकों का प्रदर्शन, 7 मांगों को लेकर हड़ताल

रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में वैज्ञानिकों ने हड़ताल शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक प्रदेशभर के 27 कृषि विज्ञान केंद्रों के करीब 182 वैज्ञानिक 16 से 20 फरवरी तक काम बंद रखेंगे। वैज्ञानिकों का आरोप है कि उन्हें पिछले डेढ़ साल से पूरा वेतन नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि हाईकोर्ट का फैसला उनके पक्ष में आने के बाद भी वेतन भुगतान नहीं हुआ। इसी के विरोध में रायपुर स्थित विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य द्वार पर धरना दिया जा रहा है। वैज्ञानिकों ने साफ कहा है कि यदि उनकी सात सूत्रीय मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।

अदाणी विद्या मंदिर सरगुजा को ‘ग्रीन स्कूल’ सम्मान

ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की मिसाल पेश करते हुए अदाणी विद्या मंदिर सरगुजा को ‘क्लीन एंड ग्रीन स्कूल ऑफ द डिस्ट्रिक्ट’ का सम्मान मिला है। जिले के 2,365 से अधिक स्कूलों के निरीक्षण के बाद इस स्कूल ने पांच सितारा रेटिंग के साथ पहला स्थान हासिल किया।77वें गणतंत्र दिवस समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने यह सम्मान प्रदान किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल को हाथ धोने की सुविधा और मिशन लाइफ के प्रभावी क्रियान्वयन में पूरे अंक मिले। स्कूल में शुद्ध पेयजल, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग, 80 केवीए सोलर प्लांट और स्वच्छ शौचालय जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। विद्यालय में करीब 1,040 छात्र अध्ययनरत हैं। यहां मध्याह्न भोजन और नाश्ते की व्यवस्था स्थानीय महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित की जाती है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार भी मिला है।

VSK ऐप पर कार्रवाई पर हाईकोर्ट की रोक

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने VSK ऐप को लेकर शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगा दी है। यह आदेश बिलासपुर में जस्टिस एन के चंद्रवंशी की सिंगल बेंच ने दिया। शिक्षक कमलेश सिंह बिसेन ने याचिका दायर कर कहा था कि किसी थर्ड पार्टी ऐप को जबरन लागू करना निजता का उल्लंघन है। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि निजी मोबाइल का उपयोग सरकारी कार्य के लिए अनिवार्य नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने राज्य सरकार को दो सप्ताह में जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं। अगली सुनवाई तक याचिकाकर्ता शिक्षक को ऐप इंस्टॉल करने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।

प्रयोगशाला तकनीशियनों की पदस्थापना के आदेश जारी

उच्च शिक्षा विभाग ने 260 प्रयोगशाला तकनीशियन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के लिए पदस्थापना आदेश जारी कर दिए हैं। भर्ती परीक्षा व्यापम द्वारा आयोजित की गई थी। अंतिम चयन सूची के कुछ अभ्यर्थियों के अनुपस्थित रहने और कुछ द्वारा पद त्यागने के बाद अनुपूरक सूची से 24 उम्मीदवारों को काउंसलिंग के जरिए पद आवंटित किए गए। फिलहाल चार पद रिक्त हैं। चयनित अभ्यर्थियों को वेतन मैट्रिक्स लेवल 6 के तहत अस्थायी नियुक्ति दी गई है। तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि तय की गई है और एक माह के भीतर कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य होगा।

रायपुर CMHO कार्यालय में डीजल और टाइपिंग बिल में गड़बड़ी का आरोप

राजधानी रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि डीजल और टाइपिंग के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान कराया गया।बताया जा रहा है कि दोपहिया वाहनों के नाम पर डीजल बिल पास कराए गए। संविदाकर्मी ने खुद को वेंडर बताकर अपने खाते में राशि ट्रांसफर करवाई। टाइपिंग और फोटो कॉपी मद में भी भारी भुगतान किए जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच की तैयारी की जा रही है और संबंधित अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम

नहर रोड भाठागांव स्थित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में इलाज के दौरान कथित लापरवाही और अधिक वसूली के आरोपों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी ने पांच सदस्यीय टीम गठित की है, जो सात दिनों में रिपोर्ट देगी। परिजनों का आरोप है कि आयुष्मान योजना के तहत राशि मिलने के बावजूद दवाओं और जांच के नाम पर लाखों रुपये वसूले गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर 17 लाख से अधिक की ठगी

रायपुर में साइबर ठगों ने खुद को मुंबई एटीएस का अधिकारी बताकर एक RTO एजेंट से 17 लाख 15 हजार रुपये ठग लिए। आरोपियों ने वीडियो कॉल के जरिए परिवार को 24 घंटे तक डराकर रखा। पीड़ित ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जांच एजेंसी द्वारा फोन पर डिजिटल अरेस्ट नहीं किया जाता।

आदिवासी किसान की मौत पर सियासत तेज

बलरामपुर जिले के कुसमी में एसडीएम की पिटाई से एक आदिवासी किसान की मौत के मामले में राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों का व्यवहार चिंताजनक है और घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

जशपुर में गौवंश तस्करी का मामला, पिकअप पलटी

जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौवंश तस्करी का मामला पकड़ा है। पुलिस को देखते ही पिकअप चालक वाहन लेकर भागने लगा, जिससे वाहन पलट गया। हादसे में तीन गायों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गईं। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Also Read: छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग भर्ती में कानूनी पेच: 650 पदों पर नियुक्ति से पहले सरकार पहुंची कोर्ट

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button