CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, राशन कार्ड ई-केवायसी की डेडलाइन, अमित शाह का दौरा, कांग्रेस नेता गिरफ्तार, शिक्षकों की अटैचमेंट पर विवाद, बैगा आदिवासियों की चौपाल, ईरान में फंसे भारतीय परिवार की गुहार, शारदाधाम पर्यटन स्थल घोषित, कांकेर बना फिश सीड हब, ITI एडमिशन शुरू, कोरोना मामलों में बढ़ोतरी समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।
“एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड” योजना के तहत 30 जून तक अनिवार्य है ई-केवायसी
One Nation One Ration Card: छत्तीसगढ़ में भारत सरकार की “एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड” योजना के तहत लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवायसी 30 जून 2025 तक अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य में कुल 81.56 लाख राशन कार्ड हैं, जिनमें 2.73 करोड़ सदस्य पंजीकृत हैं। इनमें से 2.35 करोड़ लोगों का ई-केवायसी पूरा हो चुका है, जबकि करीब 38 लाख लोगों का ई-केवायसी बाकी है। 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को ई-केवायसी से छूट दी गई है।
राज्य की खाद्य सचिव श्रीमती रीना कंगाले ने बताया कि सभी उचित मूल्य दुकानों में ई-पॉस मशीन के जरिए यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। साथ ही ‘मेरा ई-केवायसी’ मोबाइल एप से घर बैठे भी ई-केवायसी संभव है। उन्होंने अपील की है कि सभी राशन कार्ड धारक अंतिम तिथि से पहले ई-केवायसी जरूर पूर्ण करवाएं, ताकि खाद्यान्न वितरण में कोई रुकावट न आए।
छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह, करेंगे NFSU का भूमिपूजन
Amit Shah CG Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 और 23 जून को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगे। उनके कार्यक्रम में नया रायपुर में राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) की आधारशिला रखना शामिल है। राज्य सरकार ने इसके लिए 40 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है। यह परियोजना ₹350 करोड़ की लागत से तैयार होगी।
हालांकि निर्माण कार्य अभी प्रारंभ नहीं हुआ है, लेकिन इस सत्र से शिक्षण कार्य एक ट्रांजिट कैंपस के माध्यम से शुरू किया जाएगा। शाह नारायणपुर जिले में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जवानों से संवाद भी करेंगे।
काग्रेस नेता ब्लैकमेलिंग केस में गिरफ्तार, 70 लाख की वसूली और जमीन भी हड़पी
CG Congress leader arrest: रायपुर में ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता हसन आबिदी को एक पटवारी की पत्नी और उसके पति से ACB-EOW का भय दिखाकर 70 लाख रुपये की वसूली और 3500 वर्गफुट जमीन हड़पने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
राजेश सोनी ने टिकरापारा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी सारिका सोनी, जो पटवारी हैं, को हसन फर्जी केस में फंसाने की धमकी दे रहा था। इस मामले में आरोपी अब ₹2.5 करोड़ की और मांग कर रहा था।
शिक्षकों की युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में अटैचमेंट का नया खेल शुरू
Teacher transfer issue: दुर्ग जिले में युक्तियुक्तकरण के नाम पर शिक्षकों के अटैचमेंट को लेकर सवाल उठने लगे हैं। तीन शिक्षकों को अध्यापन व्यवस्था के नाम पर विभिन्न स्कूलों में संलग्न किया गया है, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि एकल शिक्षकीय स्कूलों में पहले ही स्थायी पदस्थापन क्यों नहीं किया गया।
यह मामला हाईकोर्ट में युक्तियुक्तकरण से जुड़ी सुनवाई में एक उदाहरण के तौर पर पेश किया जा सकता है। शिक्षकों के संगठन इस फैसले पर आपत्ति जता रहे हैं।
कलेक्टर और एसपी ने लगाई चौपाल, बैगा आदिवासियों की समस्याएं सुनीं
Baiga tribal issues: कलेक्टर कुंदन कुमार और एसपी भोजराम पटेल ने ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत छपरवा गांव में चौपाल लगाकर बैगा आदिवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और राशन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
शिवतराई क्षेत्र में 24 घंटे 108 एम्बुलेंस सेवा सुनिश्चित करने और विषैले जीव-जंतुओं के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
रायपुर की एमन और उसका परिवार ईरान में फंसा, पिता ने लगाई सरकार से मदद की गुहार
Indians stuck in Iran: इजरायल-ईरान युद्ध के बीच रायपुर निवासी कासिम अली की बेटी एमन जैदी, दामाद एजाज और उनके दो बच्चे ईरान में फंसे हुए हैं। युद्ध के दौरान संपर्क टूट जाने से कासिम बेहद परेशान हैं। उनकी बेटी को ऑक्सीजन की आवश्यकता होती है और उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली थी।
कासिम ने भारत सरकार से अपील की है कि उनके परिजनों को सुरक्षित भारत लाया जाए। उनकी पत्नी की तबीयत भी तनाव के कारण बिगड़ गई है।
शारदाधाम पर्यटन स्थल सूची में शामिल, मिलेगा नया पहचान और विकास
Sharadadham tourism: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर शारदाधाम को छत्तीसगढ़ के चिन्हित पर्यटन स्थलों में शामिल कर लिया गया है। टूरिज्म बोर्ड इस स्थल के प्रचार-प्रसार और सुविधाओं के विकास के लिए बजट उपलब्ध कराएगा।
यह स्थान सरस्वती माँ की आराधना और मुफ्त कोचिंग के लिए प्रसिद्ध है, जहां झारखंड और छत्तीसगढ़ के जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क शिक्षा और आवास की सुविधा मिलती है।
कांकेर बना मछली बीज उत्पादन में अग्रणी जिला, देशभर में आपूर्ति
Kanker fish seed hub: कांकेर जिला अब मत्स्य बीज उत्पादन और आपूर्ति में देश का अग्रणी जिला बन गया है। खासकर पखांजूर क्षेत्र में मत्स्य किसानों ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और नीली क्रांति योजना का लाभ उठाकर बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू किया है।
यहां का बीज गुणवत्ता में बेहतर और सस्ता है, साथ ही समय पर उपलब्ध होता है, जिससे देश के कई राज्यों जैसे महाराष्ट्र, ओडिशा, गुजरात, बिहार आदि में इसकी मांग बनी हुई है।
ITI प्रवेश प्रक्रिया शुरू, आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून
ITI online form 2025: शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक छात्र 25 जून रात 11:59 बजे तक वेबसाइट cgiti.admissions.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश विवरणिका में सभी नियम और दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले विवरणिका ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
कोरोना संक्रमण में फिर इजाफा, 11 नए मरीजों की पुष्टि
CG COVID update: छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के मामले फिर से बढ़ रहे हैं। राज्य में आज 11 नए संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें से 10 रायपुर और 1 बिलासपुर से है। वर्तमान में कुल 55 सक्रिय मरीज हैं, जिनमें से 12 अस्पताल में भर्ती हैं और बाकी होम आइसोलेशन में हैं।
स्वास्थ्य विभाग सतर्क है और लोगों को कोविड गाइडलाइंस का पालन करने की सलाह दी गई है।



