CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, प्रदेश साहू संघ के चुनाव पर लगाई रोक, विधानसभा से 7 मार्शलों की बर्खास्तगी, ‘राधे-राधे’ बोलने पर बच्ची की पिटाई, सड़क निर्माण में जीरो परफॉर्मेंस, CM विष्णुदेव साय की गडकरी से मुलाकात, फैक्ट्री के पास 16 मवेशियों की मौत,खैरागढ़ में पर्यटन विकास की तैयारी, नन की गिरफ्तारी पर नया खुलासा समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा से 7 मार्शल की छुट्टी, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद एक्शन
Dismissal of Chhattisgarh Assembly Marshals: छत्तीसगढ़ विधानसभा में करीब 20 सालों से तैनात सात मार्शलों को आखिरकार बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। वजह? सुप्रीम कोर्ट का आदेश। 2004-05 में इनकी भर्ती हुई थी, लेकिन तभी से कुछ लोग चयन प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे थे। मामला हाईकोर्ट होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट की डबल बेंच के फैसले को सही माना और इन नियुक्तियों को अवैध ठहराया। अब विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए बर्खास्तगी पर मुहर लगा दी। अब CG व्यापमं के ज़रिए नई भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। चयन सूची भी बन चुकी है, यानी नई मार्शलों की एंट्री बस होने ही वाली है।
हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के चुनाव पर लगाई रोक
Chhattisgarh High Court: हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के चुनाव पर रोक लगा दी है। जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की सिंगल बेंच ने सहायक रजिस्ट्रार द्वारा 14 जुलाई 2025 को दिए गए आदेश के प्रभाव और क्रियान्वन पर रोक लगा दी है। अब 5 अगस्त को मामले में अगली सुनवाई होगी।
नन की गिरफ्तारी पर नया मोड़, युवती बोली- मर्जी से जा रही थी, नन निर्दोष
Nun Arrest Controversy in Durg: दुर्ग स्टेशन पर दो कैथोलिक ननों की गिरफ्तारी ने सियासी तूफान ला दिया था। बजरंग दल ने धर्मांतरण और मानव तस्करी के आरोप लगाए थे। लेकिन अब इस केस में ट्विस्ट आ गया है।
तीन आदिवासी लड़कियों में से एक, कमलेश्वरी प्रधान, सामने आई और साफ बोली— “मैं अपनी मर्जी से आगरा जा रही थी, कोई दबाव नहीं था।” उसने बताया कि वे तीनों लड़कियां काम के लिए जा रही थीं, और उन्हें आगरा व भोपाल के अस्पताल में नौकरी मिलने वाली थी। कमलेश्वरी ने ये भी बताया कि दुर्ग स्टेशन पर उन्हें डरा-धमकाकर जबरदस्ती बयान दिलवाए गए। वह पहले से ही ईसाई धर्म में है। उसने ननों और युवक सुखमन मंडावी को भी बेगुनाह बताया।
बच्ची ने कहा ‘राधे-राधे’, प्रिंसिपल ने मुंह पर टेप चिपकाया, पिटाई भी की
Child Punished for Saying ‘Radhe-Radhe’:छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मदर टेरेसा स्कूल में 3.5 साल की बच्ची को ‘राधे-राधे’ कहना भारी पड़ गया। आरोप है कि स्कूल की प्रिंसिपल इला ईवन कौलवीन ने बच्ची के मुंह पर टेप चिपकाया और उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद जब बच्ची ने घर जाकर परिजनों को बताया, तो तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज हुई। बजरंग दल के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे। पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।
RTI से खुलासा: पूरे साल में नहीं बनी एक किलोमीटर भी सड़क, बघेल का हमला, सरकार की किरकिरी
RTI Reveals Less Than 1 KM Road Built: छत्तीसगढ़ में सड़कों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। RTI से पता चला है कि पूरे एक साल में सिर्फ 0.95 किमी सड़क बनी है। मुंगेली में 0.5 किमी और मैनपाट में 0.45 किमी। इस पर भूपेश बघेल ने मौजूदा सरकार पर तंज कसा। जवाब में डिप्टी सीएम अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि पिछली सरकार ने भी कुछ खास नहीं किया था। सड़क निर्माण को लेकर सियासत गरमा गई है।
नितिन गडकरी से मिले CM विष्णुदेव साय, सड़कों के मुद्दे पर हुई लंबी बातचीत
CM Meets Nitin Gadkari on Highway Projects: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। चर्चा का मुद्दा था — राज्य की सड़कों की हालत और नई परियोजनाएं। CM साय ने बताया कि सरकार नक्सल प्रभावित और दूरस्थ इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने पर फोकस कर रही है। औद्योगिक क्षेत्र और नए ज़िलों के लिए भी सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की योजना है।
फैक्ट्री के पास 16 पशुओं की मौत, जहरीले पानी की आशंका
Death of 16 Animals Near Factory: रायपुर के सकरी गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब 16 पशु (13 भेड़, 3 भैंस) एक के बाद एक गिरकर मरने लगे। शक है कि नजदीकी फैक्ट्री से निकले पानी ने उन्हें जहरीला कर दिया। एसडीएम मौके पर पहुंचे, पोस्टमार्टम का आदेश दिया गया। वहीं फैक्ट्री के मालिक को पता ही नहीं था कि उनके किराए के प्लॉट में क्या बन रहा है। जानकारी के मुताबिक, वहां ट्रकों में इस्तेमाल होने वाला DEF (डिज़ल एग्ज़हॉस्ट फ्लूइड) बनता है।
खैरागढ़ में पर्यटन विकास की तैयारी, 8 स्थलों के लिए खास प्लान
Tourism Development Plan in Khairagarh District: जिला प्रशासन ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ज़िले के पर्यटन स्थलों को नया रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है। पहले चरण में 8 प्रमुख स्थलों को चुना गया है — करेला का मां भवानी मंदिर, गंडई का शिव मंदिर, छिन्दारी बांध, नर्मदा कुण्ड, बैताल रानी घाट जैसे स्पॉट। इन जगहों पर अधोसंरचना, सफाई, लाइटिंग, डिजिटल सुविधा, ठहरने का इंतजाम और धार्मिक आयोजनों की प्लानिंग होगी। स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर फोकस रहेगा। इसके लिए गाइड और अन्य सेवाओं के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी।
मिठाइयों में मिलावट वालों पर कार्रवाई, चार दुकानों पर 1-1 लाख का जुर्माना
Action Against Adulterated Sweets Before Festival: त्योहारी सीजन को देखते हुए मुंगेली प्रशासन सख्त हो गया है। मिलावटी मिठाई और दूध उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसा गया। निरीक्षण में अमानक मिठाई पाई गई। चार दुकानों पर 1-1 लाख का जुर्माना लगा है। सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, और बाकी दुकानों पर भी नजर रखी जा रही है।
छत्तीसगढ़ की विरासत को सहेजने के लिए केंद्र का बड़ा कदम, 26.24 करोड़ का बजट
Center Allocates ₹26.24 Crore for Heritage Conservation: केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए पिछले 5 सालों में 26.24 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने राज्य के 764 गांवों में सर्वे किया, जिसमें 73 गांवों में ऐतिहासिक अवशेष मिले। केंद्र सरकार हर साल लाखों रुपये स्मारकों की मरम्मत और रखरखाव पर खर्च कर रही है। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए विरासत को सहेजने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
Also Read: धमतरी में निःशुल्क मोबाइल रिपेयरिंग की ट्रेनिंग: बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका, जल्द करें आवेदन



