CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें छत्तीसगढ़ को मिला पुलों का तोहफ़ा, मंत्रालय में 30 लाख की ठगी का पर्दाफाश, हाईकोर्ट पहुंचा बंगाल मजदूरों का मामला, रायपुर नगर निगम की बड़ी बैठक, अनुसूचित जातियों को पायलट बनने का मौका, राखी पर जेलों में बहनों की भीड़, नक्सल इलाकों को 195 करोड़ की विकास सौगात, बोर्ड परीक्षा में 66 शिक्षकों पर सस्पेंशन, भिलाई स्कूल में छात्रा घायल, राजनांदगांव पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगों को किया गिरफ्तार समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

छत्तीसगढ़ को मिला पुलों का तोहफ़ा: जनमन योजना के तहत 375.71 करोड़ की मंज़ूरी

PM Janman Yojana: छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान कर दिया है। प्रधानमंत्री जनमन योजना (बैच-II, 2025–26) के तहत राज्य को 100 नए पुलों की मंज़ूरी मिली है। इन पुलों की लागत 375.71 करोड़ रुपये आंकी गई है और कुल लंबाई होगी 6,569.56 मीटर। केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी। इस पत्र में बताया गया कि छत्तीसगढ़ को अब तक 715 सड़कें (2,449.108 किमी) और 100 पुलों के निर्माण की हरी झंडी मिल चुकी है। बाकी प्रस्तावों पर भी जल्द फ़ैसला लिया जाएगा।

जनमन योजना का असली मकसद है—राज्य के PVTG (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) वाले इलाकों को बेहतर सड़क और पुलों से जोड़कर वहां के लोगों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराना। शिवराज चौहान ने सीएम साय से इन कार्यों को फास्ट ट्रैक मोड में पूरा करने का आग्रह किया है, ताकि लोगों को जल्द लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार इन कामों की गुणवत्ता से कोई समझौता न करे और व्यक्तिगत निगरानी रखे।

मंत्रालय में बाबू बनकर 30 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Job fraud in Chhattisgarh: रायपुर मंत्रालय में खुद को ‘बड़ा बाबू’ बताकर सरकारी नौकरी का झांसा देने वाले ठग साबास खान को पुलिस ने महासमुंद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने छत्तीसगढ़ के छह जिलों में बेरोजगार युवाओं से करीब 31 लाख रुपये की ठगी की थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू की और पाया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हाईकोर्ट पहुंचा मामला: बंगाल के मजदूरों पर “बांग्लादेशी” होने का शक

High Court Petition: पश्चिम बंगाल के 12 श्रमिकों के साथ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई अब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट पहुंच गई है। इनमें से 11 ने कोर्ट में याचिका लगाकर मांग की है कि उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 128 के तहत की गई कार्रवाई रद्द की जाए। मजदूरों का आरोप है कि साइबर सेल ने उन्हें स्कूल निर्माण स्थल से उठाकर बिना कारण पूछताछ की, गालियां दीं और पीटा। आधार कार्ड दिखाने के बावजूद उन्हें बांग्लादेशी कहकर अपमानित किया गया। अब इस मामले में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से दो हफ्ते में जवाब मांगा है और याचिकाकर्ताओं से भी एक हफ्ते में प्रति उत्तर देने को कहा है। इस प्रकरण ने मानवाधिकारों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रायपुर नगर निगम की बड़ी बैठक: महादेव घाट का होगा सौंदर्यीकरण, महिलाओं के लिए कई योजनाएं

Raipur MIC Meeting: रायपुर नगर निगम की एमआईसी बैठक में 42 अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें महादेव घाट के सौंदर्यीकरण के लिए 20 करोड़, महिला शांति गृह के लिए 5 करोड़ और टेक्निकल टावर के लिए 4 करोड़ की योजनाएं पास की गईं 18 चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सुधार, ‘वुमन फॉर ट्री’ योजना के तहत पेड़ों की निगरानी महिलाओं को सौंपना और 3 वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाने की भी योजना बनाई गई।

अनुसूचित जातियों को मिला नया पंख: 5 युवाओं को हर साल मिलेगा पायलट बनने का मौका

SC Welfare Authority Budget: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की बैठक में बजट को 50 से बढ़ाकर 75 करोड़ कर दिया गया। साथ ही हर साल SC समुदाय के 5 युवाओं को पायलट ट्रेनिंग के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई। गिरौधपुरी धाम के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये, स्मार्ट क्लास, जैतखंभ निर्माण, दिल्ली ट्राइबल यूथ हॉस्टल में सीटें बढ़ाना जैसे अहम फैसले भी इस बैठक में लिए गए।

राखी पर जेलों में उमड़ेगी बहनों की भीड़: 3009 बंदियों को राखी बांधेंगी 6 हजार बहनें

Rakhi Festival Celebration in Prison: रक्षाबंधन पर जेलों में खास तैयारी की जा रही है। 3009 बंदियों को 6 हजार से ज्यादा बहनें राखी बांधेंगी। जेल परिसर में टेंट, बेरिकेडिंग और मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई है। जेल प्रशासन ने आदेश दिया है कि बहनें केवल 200 ग्राम सूखी सोनपापड़ी और राखी ही अंदर ले जा सकती हैं। कोई मोबाइल, पैसा या अन्य सामान ले जाना सख्त मना है।

नक्सल इलाकों को विकास की सौगात: केंद्र ने दी 195 करोड़ की मंजूरी

नक्सल प्रभावित जिलों के लिए केंद्र सरकार ने 195 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इस फंड से दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, बस्तर, कांकेर जैसे जिलों में ऑल-वेदर रोड, ब्रिज और अन्य संरचनाएं बनाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ये फंड विकास, विश्वास और शांति की मजबूत नींव रखेगा। यह राशि PFMS स्पर्श मॉडल के तहत सीधे राज्यों को दी जा रही है और पूरा खर्च पारदर्शिता से होगा।

10वीं-12वीं के कॉपी जांच में घालमेल, 66 शिक्षक सस्पेंड मोड में!

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) ने इस बार बोर्ड परीक्षा में गड़बड़झाले पर सख्त रुख अपनाया है। 10वीं और 12वीं की कॉपियों की जांच में धांधली करने वाले 66 शिक्षकों की खैर नहीं। माशिम ने इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश भेजी है। कुछ पर तीन साल की रोक लगेगी, तो कुछ पांच साल तक मूल्यांकन से बाहर रहेंगे। वेतन पर भी कैंची चल सकती है।

मंडल ने मूल्यांकन गड़बड़ी को तीन श्रेणियों में बांटा है:

  • पहली श्रेणी: जहां कॉपी जांच के बाद छात्र के नंबरों में 20 से 40 अंकों की बढ़ोतरी हो गई।
  • दूसरी श्रेणी: जिनमें 41 से 49 अंकों का जादुई उछाल आया।
  • तीसरी श्रेणी: यहां छात्रों के अंक 50 या उससे अधिक बढ़ गए, मतलब सीधे पास से टॉपर बनने की स्क्रिप्ट!
  • 59 शिक्षक: 3 साल तक मूल्यांकन से बाहर + एक इंक्रीमेंट पर रोक की सिफारिश
  • 7 शिक्षक: 5 साल तक बैन + इंक्रीमेंट रोकने की सिफारिश

माशिम का कहना है कि ये कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। बाकी जांच अभी जारी है।

भिलाई के स्कूल में फिर हादसा, क्लास में छात्रा पर गिरा पंखा

Bhilai school fan accident: भिलाई के सेक्टर-2 स्थित डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल में गुरुवार को कक्षा के दौरान छत से पंखा गिरने से चौथी कक्षा की छात्रा घायल हो गई, जिसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह स्कूल में इस तरह की दूसरी घटना है, जिससे अभिभावकों में नाराजगी है और वे सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रबंधन से जवाब मांग रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले में स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और जांच में पंखे के हुक की टूट-फूट सामने आई है।

राजनांदगांव पुलिस ने दिल्ली से अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगों का किया पर्दाफाश, भारतीय महिलाओं से ऑनलाइन ठगी का मामला

International cyber fraud arrest Rajnandgaon: राजनांदगांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में दिल्ली के जनकपुरी और उत्तम नगर से तीन अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगों—दो नाइजीरियनों और एक दक्षिण अफ्रीकी—को 5 अगस्त 2025 को गिरफ्तार किया गया, जो भारतीय महिलाओं को महंगे विदेशी गिफ्ट और विदेशी मुद्रा भेजने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करते थे; आरोपियों को द्वारका कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर राजनांदगांव लाया गया है।

Also Read: CG Mantrimandal Vistar: 15 अगस्त से पहले साय मंत्रिमंडल का विस्तार, तीन नाम लगभग तय

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button