CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, रक्षाबंधन पर सड़क हादसा,CG के युवक को विराट और डिविलियर्स का कॉल, भूपेश बघेल का दावा- रायपुर में 15 हजार फर्जी पाकिस्तानी वोटर, IDBI बैंक हड़ताल, शिक्षकों के तबादलों पर 2000 से ज्यादा आपत्तियां, बस्तर में भालू ने जवान पर किया हमला, CM साय ने ‘जशपुर एक्सप्रेस’ को दिखाई हरी झंडी और महिलाओं को ई-रिक्शा भेंट, रायपुर में बनेगा देश का सबसे बड़ा किसान प्रशिक्षण केंद्र समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
रक्षाबंधन पर हुआ दर्दनाक हादसा, बाइक सवार दंपती की मौत
Raksha Bandhan Accident CG: रक्षाबंधन के दिन पांडुका-जतमई मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। मृतकों में मनोज पटेल (30) और उनकी पत्नी मनीषा पटेल (27) शामिल हैं। तेज रफ्तार इको वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। दंपती की दो साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
मतदाता सूची पर भूपेश बघेल का बड़ा बयान, रायपुर में 15 हजार पाकिस्तानी वोटर होने का दावा
Fake Voter Claim: छत्तीसगढ़ में फर्जी मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का समर्थन कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर यह अभियान निष्पक्ष और सही तरीके से चलेगा, तो वह इसका समर्थन करेंगे। भूपेश बघेल ने एक दिन पहले कुरूद विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में गड़बड़ी की आशंका जताई थी। इस पर बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने उन्हें चुनौती दी थी कि वे सर्वे अभियान का खुलकर समर्थन करें। आज बघेल ने इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट किया। रायपुर में प्रेस वार्ता के दौरान भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि राजधानी की हर विधानसभा सीट पर 20 से 25 हजार फर्जी मतदाता हैं। उन्होंने दावा किया कि रायपुर में 15 हजार ऐसे वोटर हैं, जो ‘पाकिस्तानी’ नागरिक हैं और अवैध रूप से सूची में शामिल हैं। उन्होंने रायपुर दक्षिण सीट का हवाला देते हुए कहा कि वहां भी करीब 25 हजार फर्जी नाम दर्ज हैं। बघेल ने चुनाव आयोग से मांग की कि वह घर-घर जाकर इस सूची की जांच कराए, ताकि असली वोटर और फर्जी नामों के बीच फर्क साफ हो सके।
जब गांव के युवक को आया विराट कोहली और एबी डिविलियर्स का फोन
Cricketers Wrong Call: माडागांव के एक युवक के पास गलती से क्रिकेटर रजत पाटीदार का मोबाइल नंबर जारी हो गया। इसके बाद उस नंबर पर विराट कोहली, एबी डिविलियर्स समेत कई क्रिकेटर्स के फोन आने लगे। शुरुआत में युवक और गांव वालों को यह सब प्रैंक कॉल लगा, लेकिन बाद में खुद रजत पाटीदार का कॉल आने पर असलियत पता चली। युवक ने इंसानियत दिखाते हुए सिम कार्ड पुलिस को सौंप दिया। यह अनुभव उसके लिए जिंदगी भर की याद बन गया।
बिलासपुर में खनन माफिया का आतंक, जब्त जेसीबी और हाईवा रातों-रात गायब
Mining Mafia Escape: कोटा थाना क्षेत्र में अवैध खनन पर कार्रवाई करने गई तहसीलदार की टीम ने दिन में तीन हाईवा और एक जेसीबी जब्त किए थे। लेकिन रात में खनन माफिया के गुर्गे जब्त वाहन लेकर फरार हो गए। गांव के कोटवार ने विरोध किया तो उसे धमकाकर चुप करा दिया गया। मामले की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज है, लेकिन माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि प्रशासन भी लाचार नजर आ रहा है।
रजिस्ट्री के लिए लंबी लाइन से मिलेगी राहत, रायपुर में खुलेंगे दो नए मॉडल ऑफिस
New Registry Offices: राजधानी में रजिस्ट्री कराने वालों को अब भारी भीड़ और घंटों इंतजार से राहत मिलेगी। शहर के तेलीबांधा स्थित बेवीलान टावर और सड्डू के स्वर्ण भूमि इलाके में दो नए मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय खोले जाएंगे। इन दोनों जगहों पर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इससे पंडरी, विधानसभा, जोरा और तेलीबांधा के लोगों को नजदीक सुविधा मिल सकेगी। भविष्य में टाटीबंध और बीरगांव में भी ऐसे ही ऑफिस खोलने की योजना है।
IDBI बैंक के निजीकरण के खिलाफ हड़ताल, 11 अगस्त को देशव्यापी प्रदर्शन
IDBI Bank Strike: IDBI बैंक के निजीकरण के फैसले के खिलाफ 11 अगस्त को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। बैंक और बीमा सेक्टर की यूनियनों ने सरकार के इस फैसले का विरोध करते हुए बैज पहनकर प्रदर्शन किया। यूनियन के नेताओं का कहना है कि सरकार और LIC के पास IDBI की 95% हिस्सेदारी है, जो निजीकरण के बाद घटकर 34% रह जाएगी। उन्होंने विदेशी निवेशकों को हिस्सेदारी देने पर भी सवाल उठाए हैं।
युक्तियुक्तकरण पर बवाल, 2000 से ज्यादा शिक्षकों ने जताई आपत्ति
Teacher Transfers Row: प्रदेश में शिक्षकों के तबादलों को लेकर युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया सवालों में घिर गई है। 13 हजार से ज्यादा शिक्षकों को नई पोस्टिंग दी गई, जिसमें कई सीनियरों को मनचाही जगह नहीं मिली, जबकि जूनियर को पहले मौका दिया गया। 2000 से ज्यादा शिक्षक अब तक नई पोस्टिंग के खिलाफ आपत्ति दर्ज करा चुके हैं। कई ने कोर्ट का रुख भी किया है, लेकिन अब तक राहत नहीं मिली।
जंगल में भालू ने किया जवान पर हमला, हेलीकॉप्टर से भेजा गया अस्पताल
Bear Attacks Jawan: नक्सल प्रभावित इलाके के जंगल में सर्चिंग के दौरान बस्तर फाइटर के जवान रविंद्र ओयाम पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में जवान की जांघ में गहरी चोट आई है। मौके पर साथियों ने प्राथमिक इलाज किया और फिर हेलीकॉप्टर से जगदलपुर के मेकाज अस्पताल भेजा गया। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री साय ने जशपुर एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, 12 महिलाओं को मिला ई-रिक्शा
CM Gifts E-Rickshaws: रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने गृहग्राम बगिया से ‘जशपुर एक्सप्रेस’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बिहान योजना से जुड़ी 12 महिलाओं को ई-रिक्शा भी भेंट किए। यह ई-रिक्शा राखी के तोहफे के रूप में दिया गया, जिससे महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकें। मुख्यमंत्री साय ने खुद ई-रिक्शा में बैठकर परिसर का चक्कर लगाया और स्व-सहायता समूह की सदस्य मती गिलसोनिका पांडे को इसके संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह वाहन न केवल पर्यावरण के लिए बेहतर है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद करेगा। परिचालन लागत कम होने से महिलाएं इसका अच्छा उपयोग कर सकती हैं। सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य में 18 लाख आवास निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। इसके अलावा ‘आवास प्लस प्लस’ योजना के तहत गरीब परिवारों को जमीन, टू-व्हीलर और ₹15,000 मासिक आमदनी जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।
रायपुर में बनेगा देश का सबसे बड़ा किसान प्रशिक्षण केंद्र
Farm Training Center: मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन रायपुर में देश का सबसे बड़ा किसान प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करेगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन, IIM रायपुर और NIT रायपुर के साथ त्रिपक्षीय एमओयू साइन हुआ। चेयरमैन रामदेव अग्रवाल ने 172 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक सौंपते हुए कहा कि इस केंद्र से किसानों की आय बढ़ेगी और उन्हें आधुनिक खेती की ट्रेनिंग मिलेगी।
यह प्रशिक्षण केंद्र किसानों को तकनीक, मार्केटिंग, बिजनेस मॉडल और नवाचार के जरिए आत्मनिर्भर बनाने का काम करेगा। महाराष्ट्र में पहले से चल रहे उनके किसान संस्थान की तर्ज पर यह सेंटर भी विकसित किया जाएगा, जहां अब तक 12 हजार से ज्यादा किसान प्रशिक्षण ले चुके हैं। रामदेव अग्रवाल ने कहा कि इस तरह की पहल किसानों की आमदनी बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है।



