CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें रायपुर में सीएम फहराएंगे तिरंगा, शिक्षक की दोहरी नौकरी का खुलासा, iPhone कारोबारियों पर जीएसटी छापा, पत्रकार राहुल देव को वसुंधरा सम्मान, आंगनबाड़ी फूड घोटाला, 1.16 करोड़ के नक्सली ढेर, तहसील बाबू पर घूस का आरोप, स्मार्ट सिटी का 3 करोड़ जुर्माना, बस्तर में पुलिस एग्जाम सेंटर फुल, रायपुर में 1000 फ्लैट की केंद्रीय योजना को मंजूरी समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
रायपुर में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य आयोजन, सीएम साय फहराएंगे तिरंगा
Raipur Independence Day Parade: रायपुर में 79वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में सुबह 9 बजे से शुरू होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तिरंगा फहराकर परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान 25 पुलिसकर्मियों को वीरता और सेवा पदक भी प्रदान किए जाएंगे। समारोह में बैंड, घुड़सवारी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
एक शिक्षक की दोहरी नौकरी, छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश में साथ पढ़ा रहा
Teacher dual job Chhattisgarh MP: सूरजपुर जिले के आत्मानंद विद्यालय और मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के मकरोहर स्कूल में एक ही शिक्षक राजेश वैश्य अतिथि शिक्षक के रूप में पढ़ा रहे हैं। सुबह 8 से 10 बजे तक छत्तीसगढ़ और 10:30 से 4:30 बजे तक मध्यप्रदेश में काम कर रहे हैं। साल 2020 से दोनों राज्यों से लाभ उठा रहे इस शिक्षक की दोहरी नौकरी का खुलासा होने पर जांच के आदेश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने एफआईआर की तैयारी शुरू कर दी है।
iPhone कारोबारियों के ठिकानों पर जीएसटी का छापा
iPhone dealers GST raid Raipur: रायपुर में मोबाइल व्यापारियों पर केंद्रीय जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। तीन कंपनियों पर फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के जरिए करोड़ों की टैक्स चोरी का आरोप है। विभाग ने दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
25वां वसुंधरा सम्मान पत्रकार राहुल देव को मिला
Vasundhara Award Rahul Dev: भिलाई में आयोजित समारोह में वरिष्ठ पत्रकार राहुल देव को 25वां वसुंधरा सम्मान प्रदान किया गया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता की साख का प्रतीक है। राहुल देव को शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मान राशि दी गई।
आंगनबाड़ी प्रशिक्षण में भोजन घोटाला, 300 की जगह परोसा गया घटिया खाना
Anganwadi Food Ccam Balod: बालोद जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम में पोषण आहार में भारी अनियमितता पाई गई। शासन द्वारा 300 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से बजट जारी किया गया था, लेकिन कार्यकर्ताओं को घटिया और सीमित भोजन दिया गया। जांच में सामने आया है कि अधिकारियों और वेंडरों की मिलीभगत से यह घोटाला हुआ।
मुठभेड़ में ढेर हुए बड़े नक्सली नेता, 1.16 करोड़ का इनाम था घोषित
Naxal encounter Maoist leaders killed: मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के बंडा पहाड़ी में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ में दो बड़े नक्सली मारे गए। विजय रेड्डी पर कुल 90 लाख और लोकेश सलामे पर 26 लाख का इनाम घोषित था। पुलिस ने हथियार और दस्तावेज भी बरामद किए हैं। ऑपरेशन डीआरजी और ITBP की संयुक्त कार्रवाई में हुआ।
मुर्गा और शराब की मांग करता है तहसील कार्यालय का बाबू, कोटवार संघ का आरोप
Bribery demand Tehsil clerk Bastar: बस्तर के नानगुर तहसील में सहायक ग्रेड-2 के लिपिक सुरेश देवांगन पर कोटवार संघ ने भ्रष्टाचार और अव्यवहारिकता का आरोप लगाया है। कहा गया कि वह नशे में दफ्तर आता है और काम के बदले मुर्गा व शराब की मांग करता है। कोटवार संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
स्मार्ट सिटी की सख्त कार्रवाई, ठेकेदार पर 3 करोड़ से ज्यादा का जुर्माना
Bilaspur Smart City Penalty Contractor: बिलासपुर स्मार्ट सिटी ने अरपा नदी परियोजना के निर्माण में देरी करने वाली ठेका कंपनी गणपति इंफ्रास्ट्रक्चर पर सख्त कार्रवाई की है। कंपनी पर 3 करोड़ 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया और ठेका निरस्त कर नया टेंडर जारी किया गया। कंपनी की सुस्त रफ्तार और आदेशों की अनदेखी पर यह निर्णय लिया गया।
बस्तर संभाग में पुलिस भर्ती परीक्षा के सभी सेंटर फुल, हजारों अभ्यर्थी परेशान
Police Exam Center Full Bastar: छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 अगस्त से शुरू हो चुके हैं, जिसकी अंतिम तिथि 27 अगस्त रखी गई है। लिखित परीक्षा 14 सितंबर को आयोजित होगी। हालांकि आवेदन की प्रक्रिया के दौरान बस्तर संभाग के सभी परीक्षा केंद्र फुल हो चुके हैं, जिससे हजारों स्थानीय युवा परेशान हैं। उन्हें अब परीक्षा देने के लिए दूसरे जिलों या संभागों में जाना पड़ेगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों पर यात्रा और ठहरने का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा। संभावना जताई जा रही है कि कई उम्मीदवार परीक्षा से वंचित भी हो सकते हैं, क्योंकि उन्हें नजदीक कोई सेंटर नहीं मिल पा रहा। परीक्षार्थियों ने शासन से बस्तर में अतिरिक्त केंद्रों की मांग की है।
रायपुर में 1000 फ्लैट की केंद्रीय आवासीय योजना को मंजूरी, सरकारी कर्मचारियों को मिलेंगे सस्ते और आधुनिक घर
Raipur CGEWHO Housing Project: रायपुर में केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के लिए पहला आवासीय प्रोजेक्ट शुरू होने जा रहा है, जिसे केंद्रीय सरकारी कर्मचारी कल्याण आवास संगठन (CGEWHO) ने मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत शहर में 1000 आधुनिक और किफायती फ्लैट बनाए जाएंगे। यह परियोजना सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पहल और सतत प्रयासों से संभव हो पाई है। उन्होंने ‘केंद्रीय विहार’ योजना के तहत इस प्रोजेक्ट को रायपुर के ऐसे स्थान पर शुरू कराने की सिफारिश की, जहां से दफ्तर, स्कूल, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं नजदीक हों। CGEWHO ने 5 से 7 एकड़ बाधारहित जमीन की मांग की है, जिसे लेकर सांसद ने राजस्व मंत्री, आरडीए अध्यक्ष, कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त से निवेदन किया है। जमीन मिलते ही इस योजना का पहला चरण शुरू किया जाएगा।



