CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें प्रदेशभर में पोला तिहार की धूम, रायपुर में 57 लाख की हेरोइन जब्त, सीए स्टूडेंट और दंपति गिरफ्तार, सीएम साय जापान दौरे पर, मंत्री हटाने की मांग, पटवारी हड़ताल पर नोटिस, तखतपुर में गौमांस खरीदने वाले गिरफ्तार, अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क बेनकाब, गरियाबंद अस्पताल में महिला गार्ड द्वारा इंजेक्शन पर हाईकोर्ट सख्त, बस्तर में टैक्सी सेवा शुरू, और पत्रकार मुकेश हत्याकांड में आरोपी ठेकेदार की याचिका खारिज समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

प्रदेशभर में पोला तिहार की धूम, बैलों की पूजा से लेकर पारंपरिक व्यंजनों तक छाया उत्साह
Pola Festival Chhattisgarh 2025: छत्तीसगढ़ में आज भाद्रपद अमावस्या पर पारंपरिक पर्व पोला तिहार पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। गांव से लेकर शहरों तक इस पर्व की रौनक दिख रही है। खेतों में काम करने वाले बैलों को इस दिन विशेष रूप से सजाया और पूजा जाता है। किसान खेती के काम से विराम लेते हैं और पूरे सम्मान के साथ अपने बैलों का पूजन करते हैं। घर-घर में मिट्टी, लकड़ी या पीतल से बने बैलों की पूजा की जाती है, जिनसे बच्चे खेलते हैं। इस मौके पर ठेठरी, खुरमी, अईरसा जैसे पारंपरिक पकवान भी बनाए जा रहे हैं। पोला तिहार के साथ-साथ आज कुशोत्पाटिनी अमावस्या का भी महत्व है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन पुरोहित वर्ग कुश (एक खास घास) उखाड़ते हैं, जो धार्मिक अनुष्ठानों में काम आती है।
रायपुर में 57 लाख की हेरोइन बरामद, CA स्टूडेंट और दंपति समेत 6 गिरफ्तार
Raipur Heroin Seizure: रायपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में 57 लाख रुपये की हेरोइन जब्त कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में एक सीए स्टूडेंट और पति-पत्नी भी शामिल हैं। कार्रवाई कबीर नगर थाना क्षेत्र में की गई, जहां मुखबिर की सूचना पर हीरापुर निवासी मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू को पकड़ा गया। उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जसप्रीत कौर, विजय मोटवानी, नितिन पटेल और दिव्या जैन को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों से 273.19 ग्राम हेरोइन, एक बाइक और 5 मोबाइल बरामद हुए हैं। गिरोह पंजाब से हेरोइन मंगाकर रायपुर में वीडियो और लोकेशन शेयरिंग के जरिए सप्लाई करता था। सभी पर NDPS एक्ट और BNS की धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है।
मुख्यमंत्री साय का जापान दौरा, निवेशकों से हुई मुलाकात
CM Vishnudev Sai Japan Visit: छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश की दृष्टि से आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इन दिनों जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा पर हैं। 22 अगस्त को टोक्यो पहुंचते ही उन्होंने असाकुसा मंदिर के दर्शन किए और इसके बाद NTT लिमिटेड की CEO कायो इतो से मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में IT और डिजिटल सुविधाओं के साथ निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भी हिस्सा लिया।
नेता प्रतिपक्ष ने 14 में से एक मंत्री को हटाने राज्यपाल को लिखा पत्र
Leader of Opposition Minister Removal Plea: प्रदेश में हाल ही में तीन नए मंत्री बनाए गए हैं, जिससे कुल मंत्रियों की संख्या 14 हो गई है। इस पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने राज्यपाल रमेन डेका को पत्र लिखकर संविधान के अनुच्छेद 164(1क) का हवाला देते हुए एक मंत्री को पद से हटाने की मांग की है।
पटवारी हड़ताल पर प्रशासन की सख्ती, कारण बताओ नोटिस जारी
Patwari Strike CG Action Notice: रायपुर जिले में 16 अगस्त से पटवारियों ने ऑनलाइन सरकारी कार्यों का बहिष्कार कर रखा है। इससे डिजिटल फसल सर्वे और स्वामित्व योजना जैसे कार्य प्रभावित हुए हैं। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने सभी पटवारियों को 22 अगस्त शाम 5 बजे तक जवाब देने का निर्देश दिया था। जिन्होंने जवाब नहीं दिया, उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। हड़ताल का मुख्य कारण DCA और एग्री ऐप में तकनीकी दिक्कतें बताई जा रही हैं।
गौ मांस प्रकरण में नया मोड़, खरीददार भी गिरफ्तार
Cow Meat Case Takhatpur Arrests: बिलासपुर के तखतपुर क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन सामने आए गौ मांस मामले में अब पुलिस ने तीन खरीददारों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। इससे पहले गौ मांस बेचने वालों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर गिरोह पकड़ा गया, दो महिलाएं भी शामिल
Interstate Heroin Smugglers Arrested Raipur: रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम और साइबर यूनिट ने कबीर नगर पुलिस के साथ मिलकर पंजाब से ड्रग्स सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी हैं। आरोपियों के पास लाखों रुपये की हेरोइन जब्त की गई है।
महिला गार्ड ने मरीज को लगाया इंजेक्शन, हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान
Woman Guard Injects Patient HC Notice: गरियाबंद जिला अस्पताल की एक वायरल तस्वीर में महिला गार्ड को मरीज को इंजेक्शन लगाते देखा गया। इस लापरवाही पर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की बेंच ने इसे गंभीर मामला बताते हुए गरियाबंद कलेक्टर से 28 अगस्त तक हलफनामा मांगा है।
बस्तर में पर्यटन को बढ़ावा, टैक्सी सेवा की शुरुआत
Bastar Tourism Taxi Service Launched: बस्तर में अब पर्यटक कांगेर घाटी और अन्य दर्शनीय स्थलों तक टैक्सी सेवा से पहुंच सकेंगे। प्रशासन और परिवहन विभाग की इस पहल से न केवल पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। टैक्सी चालकों को स्थानीय इतिहास और संस्कृति की जानकारी दी जा रही है, जिससे पर्यटक अनुभव और बेहतर हो सके।
पत्रकार मुकेश हत्याकांड: आरोपी ठेकेदार की याचिका हाईकोर्ट से खारिज, सड़क ठेका रद्द करने पर की थी अपील
Journalist Mukesh Murder Case Update: बीजापुर जिले के चर्चित पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में आरोपी ठेकेदार सुरेश चंद्राकर को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से झटका मिला है। ठेका रद्द किए जाने और जुर्माने के खिलाफ दायर की गई याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया है। मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने सुनवाई के दौरान मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह मामला अनुबंध से जुड़ा है और विवाद का निपटारा अनुबंध की धारा 28 के तहत अरबिट्रेशन प्रक्रिया से किया जाना चाहिए। ठेकेदार सुरेश चंद्राकर ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर 2.58 करोड़ रुपये के अधूरे सड़क निर्माण कार्य को पूरा करने की अनुमति मांगी थी। इसके साथ ही, उसने 37 लाख रुपये की सुरक्षा निधि जब्त किए जाने और 10 प्रतिशत जुर्माना लगाए जाने को भी अनुचित बताया था।
Also Read: CGMSC Drug Ban: छत्तीसगढ़ में तीन अमानक दवाओं पर रोक, CGMSC से सप्लाई हुई थीं नकली दवाएं



