CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें NEET UG 2025 काउंसलिंग पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, रायपुर में पाकिस्तान कनेक्शन के साथ ड्रग्स सप्लायर गिरफ्तार, छत्तीसगढ़ी कलाकारों के साथ दुर्व्यवहार, नारायणपुर में भारी हथियार बरामद, अस्पताल में गार्ड द्वारा इंजेक्शन लगाने पर कोर्ट सख्त, रायगढ़ में टांगी से हत्या, कोरबा में चरस चपाती तस्करी, खाद की स्थिति पर सरकार का बयान,गणेशोत्सव में रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगे 96 पुलिस मितान और शराब घोटाले में सुप्रीम कोर्ट से राहत समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

NEET UG 2025 काउंसलिंग: हाईकोर्ट ने मेरिट लिस्ट और एडिट ऑप्शन को दी वैधता

NEET UG 2025 Counselling: NEET UG 2025 की काउंसलिंग को लेकर दाखिल एक याचिका पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने अपना निर्णय सुनाते हुए स्पष्ट किया कि CGDME द्वारा जारी मेरिट सूची और एडिट ऑप्शन दोनों ही विधिसम्मत हैं। याचिकाकर्ता ने प्रथम चरण की काउंसलिंग में श्रेणी और संवर्ग बदलने की सुविधा को चुनौती दी थी और 12 अगस्त को जारी मेरिट लिस्ट को अमान्य घोषित करने की मांग की थी। न्यायालय ने CGDME की दलीलों को सुनने के बाद याचिका को खारिज कर दिया है। CGDME की ओर से बताया गया कि एडिट ऑप्शन से अभ्यर्थियों को अपने दस्तावेज़ सही करने का अवसर मिला, जिससे पारदर्शिता बढ़ी। प्रथम चरण की काउंसलिंग 23 अगस्त को पूर्ण हो चुकी है। वहीं, MCC द्वारा दूसरी चरण की काउंसलिंग की तिथि बढ़ाए जाने के कारण राज्य स्तर पर भी काउंसलिंग की आगामी तिथियां परिवर्तित की गई हैं, जिसकी सूचना CGDME की वेबसाइट पर 26 अगस्त को जारी कर दी गई थी।

ऑपरेशन निश्चय: अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Operation Nischay drug bust in Chhattisgarh Raipur: रायपुर पुलिस को ऑपरेशन निश्चय के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पाकिस्तान से हेरोइन सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी रूपिंदर सिंह उर्फ पाबलो को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 91 ग्राम अफीम, 87 ग्राम हेरोइन, एक देशी पिस्टल, 82 कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है। आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि एंटी क्राइम यूनिट और कबीरनगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है। आरोपी लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

गायक नितिन दुबे का शो रद्द, बोले सिर्फ छत्तीसगढ़ी कलाकारों के साथ ही ऐसा क्यों?

Raigarh Chakradhar Samaroh: छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक नितिन दुबे का 1 सितंबर को रायगढ़ में होने वाला कार्यक्रम चक्रधर समारोह 2025 के तहत तय था, जिसे आखिरी वक्त में रद्द कर दिया गया। इसके बाद नितिन दुबे ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि आयोजकों की ओर से उन्हें बजट संकट का हवाला देकर केवल 50% भुगतान का प्रस्ताव दिया गया। दुबे ने सवाल उठाया कि जब दूसरे राज्यों या बॉलीवुड से आने वाले कलाकारों के पारिश्रमिक में कोई कटौती नहीं होती, तो फिर केवल छत्तीसगढ़ी कलाकारों के साथ ही ऐसा व्यवहार क्यों किया जाता है?

माड़ बचाव अभियान: नक्सल विरोधी कार्रवाई में हथियारों का जखीरा बरामद

Naxal Encounter & Weapons Recovery: अबूझमाड़ के जंगलों में चलाए जा रहे संयुक्त “माड़ बचाव अभियान” के दौरान सुरक्षा बलों को माओवादियों के विरुद्ध बड़ी कामयाबी मिली है। नारायणपुर पुलिस, DRG, STF और ITBP की संयुक्त टीम ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। बरामद हथियारों में LMG, AK-47, इंसास, SLR, स्टेन गन, पिस्टल, देशी कट्टे समेत 8 BGL लॉन्चर और 100 से अधिक BGL सेल शामिल हैं। इसके अलावा डेटोनेटर, हैंड ग्रेनेड, कार्डेक्स वायर और नक्सली साहित्य भी मिला है। मुठभेड़ के बाद माओवादी जंगलों में भाग निकले, लेकिन तलाशी अभियान जारी है।

इंजेक्शन लगाने का मामला: गार्ड की गलती पर हाईकोर्ट सख्त

. Injection by Guard in District Hospital: जिला अस्पताल में नर्स की जगह गार्ड द्वारा मरीज को इंजेक्शन लगाने का मामला अब हाईकोर्ट की निगरानी में है। गरियाबंद कलेक्टर ने हाईकोर्ट में शपथपत्र प्रस्तुत कर बताया कि गार्ड ने स्वेच्छा से यह कार्य किया और इसमें किसी स्वास्थ्यकर्मी की संलिप्तता नहीं है। शपथपत्र के अनुसार, गार्ड और संबंधित सुरक्षा एजेंसी को सेवा से हटा दिया गया है। हालांकि अदालत ने इस जवाब से असंतोष जताया और पूछा कि किसी बाहरी व्यक्ति को इलाज की अनुमति कैसे दी गई। कोर्ट ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी भी मांगी है।

पालतू कुत्ते के भौंकने पर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

Dog Barking Leads to Murder: रायगढ़ जिले के आमाघाट क्षेत्र में एक युवक की टांगी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना की वजह केवल इतनी थी कि मृतक के पालतू कुत्ते ने भौंक दिया था, जिससे विवाद उत्पन्न हो गया। मृतक सुजीत खलखो की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उसके चाचा सुरेश मिंज गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने दो नाबालिगों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से आपसी रंजिश थी।

चरस की चपाती बनाकर बेचने की योजना, दो आरोपी गिरफ्तार

Charas Trafficking in Chapati Form: कोरबा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चरस तस्करी के एक अनोखे मामले का खुलासा किया है। आरोपी चरस को चपाती के रूप में ढालकर उसे बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने 16.8 ग्राम चरस, चरस बिक्री से संबंधित डायरी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुणाल सलुजा और तुषार लालवानी के रूप में हुई है। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

खरीफ सीजन में रासायनिक खाद की कोई कमी नहीं: सरकार

Fertilizer Availability in Kharif Season: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य के किसानों को पर्याप्त मात्रा में रासायनिक उर्वरक मुहैया कराए जा रहे हैं। कृषि विभाग के अनुसार, इस खरीफ सीजन में भारत सरकार द्वारा 14.62 लाख मीट्रिक टन खाद का लक्ष्य तय किया गया था, जिसके विरुद्ध अब तक 13.19 लाख मीट्रिक टन खाद किसानों को वितरित की जा चुकी है। निजी और सहकारी क्षेत्रों में 7 लाख मीट्रिक टन से अधिक खाद का भंडारण भी किया गया है। किसानों को नैनो उर्वरक के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

गणेशोत्सव पर रायपुर की यातायात व्यवस्था में सहयोग देंगे 96 पुलिस मितान

Ramgarh Hills Protection News: राजधानी रायपुर में गणेशोत्सव का पर्व पूरे उत्साह, भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। शहर की विभिन्न गणेश समितियों द्वारा जगह-जगह भगवान गणपति की भव्य और आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन मनोहारी झांकियों और सजीव पंडालों को देखने के लिए शहरवासी अपने परिजनों के साथ सड़कों पर निकल रहे हैं, जिससे शहर में यातायात का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ गया है। इस भीड़भाड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस ने इस बार एक नया और सराहनीय कदम उठाया है। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में, शहर के उत्साही युवाओं को यातायात प्रबंधन में सहभागी बनाया गया है। इस पहल के तहत 96 युवा “पुलिस मितान” के रूप में चयनित किए गए हैं, जो प्रमुख चौराहों, पंडाल स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात को नियंत्रित करने में पुलिस का सहयोग करेंगे। ये मितान न केवल ट्रैफिक को व्यवस्थित करने में मदद करेंगे, बल्कि लोगों को सुरक्षित आवाजाही के लिए जागरूक भी करेंगे।

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: सुप्रीम कोर्ट से आबकारी अधिकारियों को राहत

Liquor Scam & Supreme Court Bail: बहुचर्चित छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में आरोपी बनाए गए आबकारी विभाग के अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट ने 28 अधिकारियों को शर्तों के साथ राहत दी है, जबकि मामले की अगली सुनवाई अक्टूबर में होगी। EOW की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2023 के बीच 3200 करोड़ रुपये के इस घोटाले में 29 अधिकारी आरोपी हैं, जिनमें से 7 सेवानिवृत्त हो चुके हैं और बाकी 22 को निलंबित किया गया है। आरोप है कि इन अधिकारियों ने 90 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की थी।

Also Read: बिलासपुर आएंगे संघ प्रमुख मोहन भागवत, काशीनाथ गोरे की स्मृति में होने वाले कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button